ऑटो न्यूज़

धनतेरस पर टूटे सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में बिकी 1 लाख से ज्यादा कारें, मारुति-सुजुकी ने रचा इतिहास

शनिवार को लगभग 41,000 और रविवार को करीब 10,000 यूनिट्स की डिलीवरी की उम्मीद जताई गई। हुंडई मोटर इंडिया ने भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां कंपनी ने करीब 14,000 कारों की डिलीवरी की और यह पिछले साल की तुलना में 20% की वृद्धि दर्शाता है।

Image

Festive sales/Photo-AI

धनतेरस 2025 ने भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया। महज 24 घंटों में देशभर में 1 लाख से अधिक कारों की डिलीवरी हुई, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा मारुति सुजुकी का रहा। कंपनी ने अकेले 51,000 से अधिक वाहन डिलीवर किए, शनिवार को लगभग 41,000 और रविवार को करीब 10,000 यूनिट्स की डिलीवरी की उम्मीद जताई गई। हुंडई मोटर इंडिया ने भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां कंपनी ने करीब 14,000 कारों की डिलीवरी की और यह पिछले साल की तुलना में 20% की वृद्धि दर्शाता है।

“GST 2.0 का जादू”

ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों ने इस जबरदस्त उछाल का श्रेय हाल ही में लागू हुए GST 2.0 सुधारों को दिया है, जो 22 सितंबर को लागू किए गए थे। इन सुधारों के तहत ऑटोमोबाइल और उपभोक्ता वस्तुओं पर टैक्स दरों में कटौती की गई, जिससे बाजार में खरीदारों का उत्साह दोगुना हो गया।

दो दिनों तक रहा शुभ मुहूर्त

इस साल धनतेरस का शुभ समय दो दिनों 18 और 19 अक्टूबर तक रहा। शनिवार दोपहर 12:18 बजे से रविवार दोपहर 1:51 बजे तक खरीदी का शुभ समय था, हालांकि शनिवार को कुछ ग्राहकों ने खरीदारी को लेकर झिझक दिखाई, लेकिन मारुति सुजुकी ने फिर भी ऐतिहासिक आंकड़े छू लिए। कंपनी ने शनिवार शाम तक 38,500 डिलीवरी पूरी कर ली थीं और रात तक यह आंकड़ा 41,000 यूनिट्स तक पहुंच गया जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 10,000 यूनिट्स अधिक था।

बुकिंग्स और मांग में उछाल

मारुति सुजुकी ने बताया कि 18 सितंबर से अब तक 4.5 लाख बुकिंग्स दर्ज की गईं, जिनमें से करीब 1 लाख बुकिंग्स छोटी कारों की थीं। औसतन रोजाना 14,000 बुकिंग्स मिल रही थीं, और इस अवधि में कंपनी की कुल रिटेल सेल 3.25 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई।

कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, कई मॉडल्स में डिमांड सप्लाई से ज्यादा रही, जिस कारण कुछ कारों की डिलीवरी में देरी भी हुई। यहां तक कि प्रोडक्शन टीम ने छुट्टी के दिन भी काम किया ताकि धनतेरस की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article