Citroen India ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय SUV Aircross का नया Comfort Edition लॉन्च कर दिया है। इस नए एडिशन (Citroen Aircross Comfort Edition) को लिमिटेड रन में ही उपलब्ध करवाया जाएगा। कंपनी ने इस एडिशन को उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो ज्यादा कीमत खर्च किए बिना अपनी कार में बेहतर आराम और प्रीमियम फीचर्स चाहते हैं। नए Aircross Comfort Edition के साथ कंपनी ने कई ऐसे फीचर्स जोड़े हैं, जो पहले केवल उच्च वेरिएंट्स में देखने को मिलते थे।
कितनी है कीमत
नए एडिशन में इंटीरियर से जुड़े कुछ अतिरिक्त फीचर्स और अपग्रेड्स दिए गए हैं। बेस वेरिएंट You के मुकाबले Comfort Edition की कीमत 20,000 रुपये अधिक रखी गई है और इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.09 लाख रुपये है। वहीं, यह नया Comfort Edition Plus वेरिएंट के साथ बिना किसी अतिरिक्त कीमत के उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्राहकों को ज्यादा सुविधाएं और बेहतर वैल्यू मिल सकेगी।
| वेरिएंट | कीमत ( एक्स-शोरूम) |
|---|---|
| You MT | 8.89 लाख रुपये |
| You Comfort Edition MT | 9.09 लाख रुपये |
| Plus MT | 9.99 लाख रुपये |
| Plus Comfort Edition MT | 9.99 लाख रुपये |
| Plus Turbo MT | 11.99 लाख रुपये |
| Plus Turbo MT Comfort Edition | 11.99 लाख रुपये |
| Max Turbo MT (5-सीटर) | 12.82 लाख रुपये |
| Max Turbo MT (7-सीटर) | 13.20 लाख रुपये |
| Max Turbo AT (5-सीटर) | 13.99 लाख रुपये |
| Max Turbo AT (7-सीटर) | 14.37 लाख रुपये |
नए कंफर्ट एडिशन में क्या है खास
Citroen Aircross Comfort Edition में ग्राहकों को 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। SUV में प्रीमियम लेदरेट सीटें, एम्बिएंट लाइटिंग और एडवांस्ड कम्फर्ट सस्पेंशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो सफर को अधिक आरामदायक बनाती हैं। सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं और इसे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिली है। इसके अलावा, सेगमेंट में बेहतरीन एसी परफॉर्मेंस, सेकंड रो में ज्यादा बैठने की जगह जैसी सुविधाएं मिलती हैं। यह SUV 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड (NA) और 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ आती है।
Citroen eC3X भी हो चुकी है पेश
पिछले दिनों ही कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Citroen eC3X लॉन्च की है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.25 लाख रुपये है। इस कार के साथ Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल को भी पेश किया गया है। BaaS ऑप्शन के साथ eC3X की शुरुआती कीमत 6.89 लाख रुपये हो जाती है। इस मॉडल में ग्राहक को बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी पड़ती, बल्कि बैटरी इस्तेमाल के लिए 2.26 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होता है।
