ऑटो न्यूज़

6.89 लाख कीमत पर Citroen eC3X भारत में BaaS मॉडल के साथ लॉन्च, मिलेगी 320 किलोमीटर तक की रेंज

Citroen ने भारतीय ग्राहकों के लिए नई इलेक्ट्रिक कार Citroen eC3X लॉन्च कर दी है। अच्छी बात ये है कि इस इलेक्ट्रिक कार की BaaS मॉडल के साथ कीमत 6.89 लाख रुपये रखी गई है।

Image

Citroen eC3X

फ्रेंच ऑटोमोबाइल कंपनी Citroen ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Citroen eC3X लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.25 लाख रुपये रखी है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि Citroen ने इस कार के साथ Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल भी पेश किया है, जिससे ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक कार खरीदना पहले से ज्यादा आसान और किफायती हो सकता है। कंपनी के अनुसार BaaS विकल्प के साथ eC3X की शुरुआती कीमत 6.89 लाख रुपये हो जाती है। इस मॉडल में ग्राहक को बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी पड़ती, बल्कि बैटरी इस्तेमाल के लिए 2.26 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होता है।

पहले से सस्ती हुई नई eC3X

नई eC3X को कंपनी ने पहले के मॉडल की तुलना में अधिक प्रतिस्पर्धी कीमत पर उतारा है। यह मॉडल अपने पिछले एडिशन की तुलना में लगभग 1.74 लाख रुपये सस्ती है। इससे इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने की सोच रहे ग्राहकों को बड़ा फायदा मिल सकता है।

डिजाइन में कई बदलाव

नई Citroen eC3X में कंपनी ने कई कॉस्मेटिक अपडेट दिए हैं। कार में LED हेडलैंप, सिग्नेचर स्प्लिट LED DRL और फ्रंट फॉग लैंप दिए गए हैं। इसके अलावा, 15 इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स और लगभग 170 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस इसे आकर्षक लुक प्रदान करता है।,कार के एक्सटीरियर में Citroen की पहचान वाली ग्रिल को बरकरार रखा गया है। आगे और पीछे फॉक्स स्किड प्लेट्स भी दी गई हैं, जो इसे SUV जैसा लुक देती हैं।

केबिन में मिले नए फीचर्स

नई eC3X के इंटीरियर को भी अपडेट किया गया है। केबिन में व्हाइट और ब्लैक थीम के साथ ब्लू रंग के डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। कार में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। इसके अलावा, वायरलेस मोबाइल चार्जर, Connected Car Technology 2.0, ऑटो-डिमिंग IRVM और 40 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स भी उपलब्ध हैं। कंपनी JBL ऑडियो सिस्टम और फ्रंट-रियर डैशकैम पैकेज को वैकल्पिक एक्सेसरी के रूप में भी ऑफर कर रही है।

सुरक्षा पर भी दिया गया ध्यान

सुरक्षा के लिए नई eC3X में 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट, स्पीड-सेंसिटिव ऑटो डोर लॉक और कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। कार में डैशकैम आधारित प्रेडिक्टिव सेफ्टी फीचर्स जैसे लेन डिपार्चर वार्निंग और फ्रंट व्हीकल डिस्टेंस अलर्ट भी शामिल हैं।

बैटरी और रेंज

मैकेनिकल रूप से नई eC3X में बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 29.2 kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो एक इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है। यह मोटर 56 bhp की पावर और 143 Nm का टॉर्क पैदा करती है। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार चार्ज करने पर 320 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है।

Citroen ने नई eC3X की बुकिंग शुरू कर दी है। इच्छुक ग्राहक कंपनी की वेबसाइट या नजदीकी डीलरशिप पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article