Tata Motors ने खरीदा Ford India का सानंद प्लांट, कंपनी यहां करेगी इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोडक्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 8, 2022, 01:39 PM IST

टाटा मोटर्स ने फोर्ड इंडिया के सानंद प्लांट के अधिग्रहण पर करार कर लिया है. ये टाटा का सानंद में दूसरा प्लांट होगा जो पहले वाले से काफी नजदीक स्थित है. बता दें कि टाटा ने ये प्लांट 724.70 करोड़ रुपये में खरीदा है.

Tata Motors ने खरीदा Ford India का सानंद प्लांट, कंपनी यहां करेगी इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोडक्शन

Tata Motors Acquires Ford Indias Sanand Plant: टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक वाहन विंग टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड और फोर्ड इंडिया ने एक यूनिट ट्रांसफर एग्रिमेंट पर करार किया है. ये एग्रिमेंट फोर्ड इंडिया के गुजरात स्थित सानंद प्लांट को लेकर है जिसे अब टाटा ने अधिग्रहित कर लिया है. इस एग्रिमेंट में पूरी जमीन और बिल्डिंग के अलावा वाहन निर्माण फैसिलिटी और इसके अंदर की सारी मशीन और उपकरण भी शामिल हैं. यहां सानंद प्लांट में काम करने वाले फोर्ड इंडिया के सभी योग्य कर्मचारियों को टाटा मोटर्स में ट्रांसफर करना भी शामिल है. टाटा मोटर्स ने 725.7 करोड़ रुपये में फोर्ड से ये प्लांट खरीदा है जिसमें टैक्स शामिल नहीं है. 

यहां बनाए जाएंगे टाटा के इलेक्ट्रिक वाहन 

इस अधिग्रहण पर बात करते हुए टाटा मोटर्स पैसेंजर वाहन लिमिटेड और टाटा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर शैलेश चंद्रा ने कहा, “एफआईपीएल के साथ साइन किए इस एग्रिमेंट का फायदा सभी स्टेकहोल्डर्स को होगा और इससे टाटा मोटर्स की मार्केट पोजिशन और ज्यादा मजबूत होगी. इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में भी अब कंपनी बतौर लीडर अपना दबदबा बनाए रखेगी. ये भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के विकास को आगे बढ़ाएगा जो आत्मनिर्भर भारत की राह में आगे बढ़ते कदम हैं.” 

4 लाख से ज्यादा ईवी बनाए जा सकेंगे 

टाटा फोर्ड के सानंद प्लांट को इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण में इस्तेमाल करने वाली है. कंपनी का कहना है कि मौजूदा प्रोडक्शन प्लांट अपने चरम पर उत्पादन कर रहे हैं और नए प्रोडक्शन प्लांट से सालाना 3 लाख यूनिट का निर्माण किया जा सकेगा जिसे 4.20 लाख तक बढ़ाया जा सकता है. टाटा ने कहा कि इस प्लांट को रीकन्फिगर करने में भी निवेश किया जाएगा. बता दें कि सानंद में ही टाटा मोटर्स का ये दूसरा प्लांट होगा पहले प्लांट से काफी नजदीक स्थित है. 

End of Article