New Generation Maruti Suzuki Alto: मारुति सुजुकी ऑल्टो भारतीय ग्राहकों के बीच बेहद पसंद की जाने वाली किफायती कार है जो दशकों से सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में एक है. अब कंपनी इसका 2022 मॉडल देश में लॉन्च करने को तैयार है जिसकी डिजाइन हाल में इंटरनेट पर सामने आ गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के हिसाब से मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) अगस्त 2022 में नई जनरेशन ऑल्टो (New Generation Alto) भारत में लॉन्च करने वाली है जिसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े बदलाव अनुमानित हैं. इस नई कार को टीवीसी विज्ञापन की शूटिंग के दौरान देखा गया है जिसमें बहुत सारी जानकारी सामने आ गई है.
पिछले मॉडल से ज्यादा होगा कद
नई जनरेशन मारुति सुजुकी ऑल्टो साइज में मौजूदा मॉडल से बड़ी होगी और इसकी हाइट भी काफी ज्यादा नजर आ रही है. कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है जहां नई जनरेशन सेलेरियो जैसे टेललैंप्स देखने को मिले हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि 2022 मारुति सुजुकी ऑल्टो के साथ पहले जैसा 796 सीसी 3-सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 48 पीएस ताकत और 69 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है.
मिल सकता है नया इंजन!
अब तक कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी तो नहीं मिली है, लेकिन अनुमान ये भी लगाया जा रहा है कि नई ऑल्टो के साथ नया के-सीरीज थ्री-पॉट पेट्रोल इंजन मिलेगा. नई ऑल्टो को ऑल्टो के10 ना से दोबारा लॉन्च किया जा सकता है और नई कार में लगा नया इंजन एस-प्रेसो जितनी क्षमता वाला होगा और 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आएगा. मौजूदा ऑल्टो की एक्सशोरूम कीमत 3.39 लाख से लेकर 4.42 लाख रुपये तक है और भारत में इसका मुकाबला मारुति सुजुकी एस-प्रेसो और रेनॉ क्विड जैसी कारों से होता है.

