Maruti Suzuki ने नई Brezza Facelift को कई बड़े बदलावों के साथ पेश किया है। इस बार कंपनी ने केवल डिजाइन और फीचर्स ही नहीं, बल्कि इंजन विकल्पों में भी बड़ा बदलाव किया है। अब ग्राहकों के पास तीन अलग-अलग पावरट्रेन चुनने का विकल्प है, जिनमें नया 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन, 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और फैक्ट्री-फिटेड CNG वेरिएंट शामिल हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इनमें से कौन-सा विकल्प सबसे ज्यादा किफायती साबित होगा। आइए समझते हैं-
नया टर्बो-पेट्रोल इंजन
नई Brezza में पहली बार 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 109 bhp की पावर और 170 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है। माइलेज की बात करें तो LXi और VXi वेरिएंट लगभग 20.47 kmpl का दावा करते हैं, जबकि ZXi और ZXi+ वेरिएंट 19.96 kmpl का दावा करते हैं।
1.5-लीटर पेट्रोल इंजन
दूसरा विकल्प 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो लगभग 102 bhp की पावर और 139 Nm का टॉर्क देता है। यही इंजन लंबे समय से Brezza में इस्तेमाल किया जा रहा है और अपनी स्मूद ड्राइविंग के लिए जाना जाता है। इस इंजन के मैनुअल वेरिएंट में LXi और VXi लगभग 21.09 kmpl का दावा करते हैं, जबकि ZXi मैनुअल में 20.81 kmpl का माइलेज मिलता है। ऑटोमैटिक वेरिएंट की दावा की गई फ्यूल एफिशिएंसी 20.17 kmpl है।
CNG वेरिएंट
अगर आपका फोकस कम रनिंग कॉस्ट और ज्यादा माइलेज पर है तो Brezza का CNG वर्जन सबसे मजबूत विकल्प बनकर सामने आता है। कंपनी के अनुसार इसकी दावा की गई माइलेज 26.90 km/kg है, जो पूरी लाइनअप में सबसे अधिक है। यह माइलेज सभी वेरिएंट्स LXi MT, VXi MT, and ZXi MT के लिए बताई गई है। इसके अलावा, नई Brezza CNG में अब अंडरबॉडी CNG टैंक दिया गया है। इससे पहले की तुलना में बूट स्पेस भी बेहतर मिलता है और सामान रखने में ज्यादा सुविधा होती है। यही वजह है कि रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले ग्राहकों के लिए यह वेरिएंट सबसे किफायती माना जा सकता है।
आखिर कौन-सा इंजन सबसे किफायती?
अगर केवल माइलेज और ईंधन खर्च के आधार पर तुलना की जाए, तो Maruti Brezza CNG सबसे किफायती विकल्प साबित हो सकता है, क्योंकि इसकी दावा की गई माइलेज से रनिंग कॉस्ट सबसे कम रहेगी। वहीं, पेट्रोल इंजन पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल बेहतर विकल्प माना जा सकता है, जो अधिकतम 21.09 kmpl का माइलेज देता है और परफॉर्मेंस व फ्यूल एफिशिएंसी के बीच अच्छा संतुलन बनाता है। दूसरी ओर, 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन लगभग 19.96 से 20.47 kmpl का माइलेज देता है। यह माइलेज के मामले में थोड़ा पीछे जरूर है, लेकिन दमदार परफॉर्मेंस, तेज एक्सीलरेशन और बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस चाहने वाले ग्राहकों के लिए यह सबसे आकर्षक विकल्प माना जा सकता है।
