दुनिया

जिस यूरोप की मदद से जेलेंस्की 4 साल से लड़ रहे युद्ध, दावोस में उसे ही सुना दिया, बोले-ये अपनी सुरक्षा में हैं फिसड्डी

रिपोर्टों के मुताबिक WEF की बैठक को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि 'कोई भी इस तरह से नहीं रहना चाहेगा। एक ही तरह का दिन बार-बार, सप्ताहों से, महीनों से यहां तक कि बीते चार सालों से हमारा सामने आ रहा है। हम एक ही तरह के दिन में अब रह रहे हैं और यही हमारा जीवन है।'

Image

दावोस में यूरोप पर भड़के यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की।

Photo : AP

Zelenskyy Blasts Europe in WEF meeting: बीते करीब चार वर्षों से यूरोप एवं अमेरिका की मदद से रूस से युद्ध लड़ने वाले यूक्रेन के राष्ट्रपति ने यूरोपीय देशों को जमकर सुनाया है। स्विटजरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) की बैठक को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि 'यूरोप आज अपनी सुरक्षा के बारे में फैसला नहीं कर पा रहा है और वह देरी वाले एक चक्र में फंस गया है।' जेलेंस्की ने यूक्रेन की स्थिति की तुलना 'ग्राउंडहॉग डे' फिल्म से की जिसमें एक ही दिन बार-बार आता है।

कोई भी इस तरह से नहीं रहना चाहेगा-जेलेंस्की

रिपोर्टों के मुताबिक WEF की बैठक को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि 'कोई भी इस तरह से नहीं रहना चाहेगा। एक ही तरह का दिन बार-बार, सप्ताहों से, महीनों से यहां तक कि बीते चार सालों से हमारा सामने आ रहा है। हम एक ही तरह के दिन में अब रह रहे हैं और यही हमारा जीवन है।' लोगों को याद दिलाते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने पिछले साल दावोस में यही बात कही थी। जेलेंस्की ने कहा कि 'पिछली बार की दावोस बैठक में मैंने कहा था कि अपनी सुरक्षा कैसे करनी है, यूरोप को यह जानना जरूरी है। एक साल बीत गया है लेकिन कोई बदलाव नहीं आया है। हम आज भी उसी हालात में हैं जिसके बारे में मैं वही बात कह सकता हूं।'

Zelenskyy

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की।

'40 सैनिकों से नहीं हो पाएगी ग्रीनलैंड की सुरक्षा'

यूरोप पर निशाना साधते हुए जेलेंस्की ने कहा कि 'यहां तक कि अपनी रक्षा एवं सुरक्षा पर जवाबी कार्रवाई क्या होनी चाहिए, यूरोप इसे अभी तक यह तय नहीं कर पाया है। हालांकि, कुछ देशों ने अपनी सुरक्षा पर ज्यादा खर्च करना शुरू किया है और इन्होंने अपना रक्षा बजट तभी बढ़ाया जब अमेरिका से उन पर दबाव पड़ा।' यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पूछा कि यह रूस और चीन को क्या सदेश देता है? ग्रीनलैंड की सुरक्षा के लिए यूरोप के कुछ देशों की ओर से अपने सैनिक भेजे जाने पर जेलेंस्की ने कहा कि 'ग्रीनलैंड की सुरक्षा 40 सैनिकों से नहीं हो पाएगी।'

Zelenskyy

दावोस में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की।

ग्रीनलैंड जैसे हालात में लड़ने का अनुभव हमारे पास-जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा कि इस तरह के इलाकों की सुरक्षा करने का अनुभव यूक्रेन के पास है। हमें पता है कि यहां किस तरह से लड़ाई करनी है। नाटो में यदि हम रहते तो हम इस समस्या का समाधान कर देते लेकिन इस संगठन में शामिल नहीं हैं।' वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो को पकड़ने के लिए हुई अमेरिकी कार्रवाई पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि 'मुदरो को पकड़ने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला में ऑपरेशन किया। इस ऑपरेशन को लेकर अलग-अलग तरह की राय है लेकिन तथ्य यह है कि मदुरो के खिलाफ न्यूयॉर्क में मुकदमा चल रहा है।'

Zelenskyy

रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से युद्ध चल रहा है।

'वर्तमान में काई कार्रवाई करने से बचता है यूरोप'

उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन पुतिन पर कोई केस नहीं है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में यह सबसे लंबा युद्ध है। यह बीते चार साल से जारी है और जिस व्यक्ति ने इसे शुरू किया वह आजाद घूम रहा है।' ट्रंप के अंदाज में यूरोप की आलोचना करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि 'यूरोप, भविष्य पर चर्चा करना पसंद करता है लेकिन वह वर्तमान में कोई कार्रवाई करने से बचता है। यहां तक कि रूसी अपराधों की जांच के लिए वह आज तक एक उपयुक्त ट्रिब्यूनल का गठन नहीं कर पाया है।' यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आगे कहा कि 'रूस के छद्म टैंकरों पर कार्रवाई करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने उसे जब्त किया लेकिन यूरोप ऐसा क्यों नहीं कर पा रहा है। तेल का यह पैसा यूक्रेन के खिलाफ और यूरोप को अस्थिर करने में होता है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!