दुनिया

इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता का मंच तैयार! ईरान का इनकार पर PAK ने की बात; ट्रंप भेज रहे अपने खास तीन दूत

US Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत को लेकर इस्लामाबाद में मंच तैयार हो रहा है। इस बीच, ट्रंप ने सोमवार को अपनी टीम भी भेजने की बात कही।

Image

अमेरिका ईरान संभावित वार्ता (फोटो साभार: AI)

US Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मंच तैयार हो रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एकतरफा बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी दूत सोमवार को इस्लामाबाद में होंगे। हालांकि, ईरान की भी प्रतिक्रिया सामने आई है जिसने सीधेतौर पर वार्ता में शामिल होने से इनकार कर दिया।

शहबाज शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति से की बात

इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से बात की है। शहबाज शरीफ ने 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी। शहबाज ने कहा, ''मैंने ईरानी राष्ट्रपति के साथ क्षेत्रीय स्थिति के बदलते परिदृश्य पर एक गर्मजोशीपूर्ण और रचनात्मक बातचीत की। मैंने ईरान की सक्रिय भागीदारी की सराहना की, जिसमें ऐतिहासिक वार्ता के लिए इस्लामाबाद भेजा गया उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और तेहरान में असीम मुनीर के साथ हालिया चर्चाएं शामिल हैं।''

इस्लामाबाद में तैयारियां तेज

अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की संभावित वार्ता से पहले इस्लामाबाद में तैयारियां तेज हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रशासन ने कई पर्यटन स्थलों को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त बड़े होटलों को बुकिंग रद्द करने और अपनी सुविधाएं खाली रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में बातचीत के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, अभी तक बातचीत की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

क्या सोमवार को होगी वार्ता?

ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि अमेरिकी वार्ताकार सोमवार को ईरान के साथ बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचेंगे। इससे पहले, उन्होंने अपने पोस्ट में ईरान पर शनिवार को होर्मुज में गोलीबारी करके संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और धमकी दी कि अगर ईरान अमेरिका द्वारा प्रस्तावित समझौते को स्वीकार नहीं करता है तो वह ईरान में नागरिक बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देगा।

ट्रंप भेज रहे अपने खास दूत

जब ट्रंप ने दावा किया कि वह ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए अपनी टीम भेज रहे हैं तो उन्होंने वार्ताकारों के बारे में जानकारी नहीं दी। हालांकि, बाद में व्हाइट हाउस से जानकारी सामने आई कि इस बार भी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता की अगुवाई करेंगे और टीम में स्टीव विटऑफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे।

क्या ईरान भेजेगा अपने प्रतिनिधि?

सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि क्या ईरान सोमवार को अपने प्रतिनिधि इस्लामाबाद भेजेगा या नहीं? ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि ईरान की तस्नीम एजेंसी ने साफ किया है कि नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहने तक बातचीत के लिए कोई टीम पाकिस्तान नहीं भेजी जाएगी। वहीं, पिछले दिनों ईरान के उप विदेश मंत्री ने बताया था कि तेहरान अभी दूसरे दौर की वार्ता के लिए इच्छुक नहीं है।

PAK-ईरान के बीच हो रही बातचीत

इस बीच, पाकिस्तान और ईरान के शीर्ष राजनयिकों के बीच भी बातचीत हुई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर चर्चा की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने मौजूदा मुद्दों के समाधान के लिए लगातार संवाद और कूटनीतिक संपर्क बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article