Israel Lebanon Conflict: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को कहा कि हिजबुल्लाह को उसके हमलों की बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। साथ ही उन्होंने दक्षिणी लेबनान में हुए हमले में मारे गए चार इजरायली सैनिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
नेतन्याहू ने 4 सैनिकों की मौत पर जताया दुख
इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाया। बकौल इजरायली सेना, एक संदिग्ध ड्रोन हमले में टैंक बटालियन के कमांडर और तीन अन्य सैनिकों की मौत हो गई।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में मारे गए सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने इस हमले को युद्धविराम का घोर उल्लंघन करार देते हुए कहा कि उन्होंने कल रात सेना को हिजबुल्लाह के खिलाफ पूरी ताकत से हमला करने का निर्देश दिया है।
इजरायली सेना ने 80 से ज्यादा आतंकी ठिकानों पर बरपाया कहर
उन्होंने कहा कि सीजफायर उल्लंघन के बाद सेना ने 80 से ज्यादा आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और दर्जना आतंकवादियों को मार गिराया। उन्होंने आगे कहा कि शुक्रवार सुबह भी सेना ने बेका घाटी में हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर हमला किया।
नेतन्याहू की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इजरायली सेना ने शुक्रवार को लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर कई हमले किए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हकीकत को स्वीकार करो', ट्रंप के बाद वेंस ने भी नेतन्याहू को सुनाई खरी-खोटी, US-इजरायल संबंधों में दरार की अटकलें तेज
नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री और चीफ ऑफ जनरल स्टाफ के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के बाद दोहराया कि इजरायल अपनी सेना या अपने क्षेत्र पर किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तरी इजरायल की बस्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में तब तक मौजूद रहेगी, जब तक इसकी आवश्यकता होगी।
इजरायल-लेबनान के बीच नहीं थम रहे हमले
ईरान-अमेरिका शांति समझौते में भले ही इजरायल और लेबनान के बीच दुश्मनी खत्म करने की बात कही गई थी, लेकिन फिर भी क्षेत्र में हमले जारी हैं। इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि उन्होंने रातभर दक्षिणी लेबनान पर कई हमले किए। इजरायली सेना ने कहा, ''वायुसेना ने कुछ समय पहले बेका वैली में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया।''
