Rajnath in Morocco: मोरक्को के रबात में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीयों को मोरक्को के प्रति पूरी तरह वफादारी दिखाने का संदेश दिया। साथ ही आतंकवाद के मुद्दे पर एक बार फिर पाकिस्तान को आईना दिखाया। भारतीय समुदाय से राजनाथ ने कहा कि भारत के प्रति हमारी निष्ठा, लगाव और प्रेम स्वाभाविक है। हम दुनिया में कहीं भी हों, हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि हम भारतीय हैं। भारतीय होने के नाते, हमारी ज़िम्मेदारियां दूसरों से अलग हैं...अगर हम मोरक्को में आजीविका कमा रहे हैं और अपने परिवार की देखभाल कर रहे हैं, तो मोरक्को के साथ कोई विश्वासघात नहीं होना चाहिए, यह भारत का चरित्र है।
पाकिस्तान के आतंकवाद का फिर देंगे जवाब
पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे आतंकवाद के मुद्दे पर राजनाथ सिंह ने कहा कि दूसरा भाग बाकी है या तीसरा, हम नहीं कह सकते। यह उनके (पाकिस्तान के) आचरण पर निर्भर करता है। अगर वे आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त होते हैं, तो उन्हें जवाब मिलेगा। पहलगाम में हमारे 26 लोगों को उनका धर्म पूछकर मार डाला गया। अगले दिन, 23 अप्रैल को, सीडीएस, तीनों सेना प्रमुखों और रक्षा सचिव के साथ बैठक में मैंने पहला सवाल यही पूछा कि अगर सरकार कोई ऑपरेशन करने का फैसला करती है, तो क्या वे इसके लिए तैयार हैं। आपको यह जानकर खुशी होगी कि उन्होंने बिना एक पल भी देर किए जवाब दिया कि वे पूरी तरह तैयार हैं।
पीएम मोदी ने सेना को दी खुली छूट
राजनाथ ने कहा फिर हमने प्रधानमंत्री मोदी से संपर्क किया, उन्होंने हमें आगे बढ़ने को कहा और पूरी छूट दे दी। आपने देखा कि उसके बाद क्या हुआ। सीमा पर नहीं, हमने उनकी जमीन से 100 किलोमीटर अंदर जाकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष आतंकवादी कह रहा था कि मसूद अजहर के परिवार को भारत ने तोड़ दिया...पाकिस्तान ने युद्धविराम का आग्रह किया, और हम मान गए... हम अच्छे संबंध चाहते हैं क्योंकि अटल बिहारी वाजपेयी कहते थे कि दोस्त बदले जा सकते हैं, पड़ोसी नहीं... हम उन्हें सही रास्ते पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि यह बस एक विराम है। ऑपरेशन सिंदूर बस रुका है... इसे फिर से शुरू किया जा सकता है।
