ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली समेत देशभर में पुलिस कार्रवाई कर रही है। लोगों को हिरासत में ले रही है, नोटिस दे रही है, अपील कर रही है। लेकिन हरियाणा के एक गांव में उल्टी कहानी हो गई। यहां जब पुलिस लोगों को नोटिस देने पहुंची तो लोगों ने पुलिस को ही डिटेन कर लिया। गांव वालों ने उल्टा पुलिस पर ही धारा लगा दी। देखिए वीडियो
हरियाणा में कहां डिटेन हो गई पुलिस?
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के अनुसार यह मामला रोहतक जिले के कबूलपुर गांव का है। हुड्डा ने वीडियो शेयर कर कहा,"मेरे लोकसभा क्षेत्र रोहतक जिले के कबूलपुर में गांव वालों ने डिटेन करने आई पुलिस को ही डिटेन कर लिया! दो-तीन दिन से हरियाणा पुलिस पूरे हरियाणा में ऐसे ही हमारे सैकड़ो लोगो के घरों में पहुंच कर उन्हें प्रताड़ित कर रहीं है… प्रजातंत्र ऐसे चलेगा क्या?
वीडियो में क्या है?
वीडियो में काफी लोग कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं, कुछ पुलिस के अधिकारी भी हैं। एक व्यक्ति जो वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है, वो वहां की कहानी भी बता रहा है। शख्स के अनुसार "चुनाव आयोग के खिलाफ जो दिल्ली में प्रदर्शन है, उस प्रदर्शन में किसी भी पार्टी का, सरकार का विरोध नहीं, बल्कि सरकार द्वारा बनाया गया एक स्वतंत्र संस्थान,जिसमें चोरी का आरोप लगा है, उसपर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। और उस प्रदर्शन में जाने से रोकने के लिए हमारे घर पर सुबह-सुबह पुलिस आई है। ये रोहतक पुलिस है, हरियाणा की। पुलिस धारा 166 बता रही है, गांव वाले जमा हो गए हैं। गांव वाले ने 166 के बदले में 333 धारा लगा दी है। बड़े अधिकारी जबतक आकर नहीं बताएंगे, तबतक ये पुलिस वाले बंधक के रूप में रहेंगे। इनको जाने नहीं देंगे।"
हिरासत में सीजेपी के मुख्य नेता
बता दें कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे लगभग 200 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि ये 200 प्रदर्शनकारी नयी दिल्ली इलाके से अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए गए हैं। नयी दिल्ली के पूरे इलाके में पुलिस प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। सूत्रों के अनुसार, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 56 से हिरासत में लिया है।
इसके अलावा कॉजपा ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को राष्ट्रीय राजधानी में उनका विमान उतरने के बाद हिरासत में ले लिया। साथ ही इसने अपनी विधि प्रकोष्ठ की प्रमुख रत्ना सिंह और तीन अन्य वकीलों को हिरासत में लिये जाने का दावा किया है
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले एहतियाती उपायों के तहत राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 जिलों में आपराधिक रिकॉर्ड वाले 600 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।
