दुनिया

देखो, आज इनका क्या हाल होता है- ईरान को ट्रंप ने दी नई धमकी, कहा- उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए हमले की धमकी है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के आतंकवादी शासन को पूरी तरह से तबाह कर रहा है। आज शुक्रवार को भी ईरान पर बड़े हमले हुए हैं, ईरान ने भी पलटवार किया है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो- AP)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए हमले की धमकी दी है। ट्रंप ने दावा किया है कि आज ईरान पर बड़ा हमला होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रूथ पर एक पोस्ट में ईरान को धमकाते हुए कहा कि उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है। नौसेना बर्बाद हो चुकी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान 47 सालों से पूरी दुनिया में बेगुनाह लोगों को मारते आ रहा है,और अब वो उसे खत्म कर रहे हैं।

ट्रंप ने पोस्ट में क्या-क्या लिखा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पोस्ट में लिखा- "हम ईरान के आतंकवादी शासन को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं - सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीकों से। फिर भी, अगर आप 'फेलिंग न्यूयॉर्क टाइम्स' (Failing New York Times) पढ़ते हैं, तो आपको गलतफहमी होगी कि हम जीत नहीं रहे हैं। ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना का अब कोई अस्तित्व नहीं है; मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सब कुछ तबाह किया जा रहा है, और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है। हमारे पास बेजोड़ मारक क्षमता है, असीमित गोला-बारूद है, और हमारे पास काफी समय है - देखिए आज इन पागल लोगों का क्या हश्र होता है। वे 47 सालों से पूरी दुनिया में बेगुनाह लोगों को मारते आ रहे हैं, और अब मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर, उन्हें खत्म कर रहा हूं। ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है!"

एक दिन पहले ईरान ने दी थी धमकी

ट्रंप ने ये बातें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के उस बयान के ठीक अगले दिन कहीं हैं, जिसमें उन्होंने मारे गए ईरानियों के "खून का बदला लेने से पीछे न हटने" का संकल्प लिया था और खाड़ी के अरब देशों को अमेरिका के सैन्य अड्डे बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि अमेरिकी सुरक्षा का विचार "झूठ के सिवा कुछ नहीं" है।

ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना- ट्रंप

इससे पहले ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान में ’’दमनकारी साम्राज्य’’ को रोकना उनके लिए तेल की कीमतों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने ’ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है, इसलिए जब तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो हमें बहुत फायदा होता है। लेकिन राष्ट्रपति के रूप में मेरे लिए कहीं अधिक महत्वपूर्ण मुद्दा ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है, ताकि वह पश्चिम एशिया और वास्तव में पूरी दुनिया को नष्ट न कर दे।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article