दुनिया

बांग्लादेश में थम नहीं रही हिंसा, अवामी लीग के नेताओं के घरों पर हो रहे हमले; सामान भी चुराया

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की पार्टी आवामी लीग (Awami League) को एक बार फिर निशाना बनाया गया। जलालाबाद पुलिस स्टेशन के प्रभारी हारुनुर रशीद ने कहा, "रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। हमें पता चला कि गुस्साए छात्रों और आम लोगों ने हमला किया।"

Image

बांग्लादेश पुलिस (फाइल फोटो)

Photo : AP

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की पार्टी आवामी लीग (Awami League) को एक बार फिर निशाना बनाया गया। पूर्व मेयर अनवरुज्जमां चौधरी और पूर्व सांसद शफीउल आलम चौधरी नादेल के घरों पर कथित तौर पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के छात्र दल के बैनर तले भीड़ ने हमला किया और तोड़फोड़ की।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय मीडिया आउटलेट 'यूएनबी' की रिपोर्ट के अनुसार, सिलहट एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) सैयद अनिसुर रहमान ने कहा कि छात्रों और आम लोगों के एक उग्र समूह ने नादेल के आवास पर हमला किया, जिससे नुकसान हुआ।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार को 70-80 बाइकों पर सवार होकर छात्र दल के सदस्यों का एक समूह जुलूस के रूप में सिलहट शहर के हाउसिंग एस्टेट क्षेत्र में स्थित नादेल के आवास पर पहुंचा। उन्होंने घर में घुसकर सीसीटीवी कैमरे और लैपटॉप को क्षतिग्रस्त कर दिया।

अवामी लीग नेता के घर पर हमला

एक अन्य घटना में सिलहट के पथंतुला इलाके में अनवरुज्जमां चौधरी के घर पर हमला किया गया। हमलावरों ने फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान तोड़ डाला। जलालाबाद पुलिस स्टेशन के प्रभारी हारुनुर रशीद ने कहा, "रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। हमें पता चला कि गुस्साए छात्रों और आम लोगों ने हमला किया।"

भीड़ ने चुराया कीमती सामान

स्थानीय मीडिया आउटलेट 'बीडीडीआईजीईएसटी' की रिपोर्ट के अनुसार, भीड़ ने घर से कीमती सामान भी चुरा लिया। घटना के वक्त अनवरुज्जमां का कोई भी रिश्तेदार घर में नहीं था; दो केयरटेकर घर की देखभाल कर रहे थे और हमलावरों ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। पिछले साल बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से देश में राजनीतिक हिंसा जारी है। वहीं मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार हिंसक घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है।

शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद कई अवामी लीग नेताओं पर क्रूर हमला किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। बांग्लादेश के प्रमुख दैनिक 'द ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2024 में देश भर में अवामी लीग के कम से कम 20 नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के शव बरामद किए गए। हाल के दिनों में अवामी लीग के कई नेताओं और समर्थकों को गंभीर हमले और भीड़ की हिंसा का सामना करना पड़ा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article