दुनिया

पाकिस्तान सरकार में दो फाड़, PM शहबाज के सलाहकार की गृह मंत्री नकवी को दो टूक- धमकियों से डरने वाला नहीं हूं

Pakistan News: पाकिस्तान में नए प्रांतों के गठन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री के राजनीतिक मामलों के सलाहकार राणा सनाउल्लाह और गृह मंत्री मोहसिन नकवी के बीच मतभेद सामने आए हैं।

Image

राणा सनाउल्लाह और गृह मंत्री मोहसिन नकवी भिड़े (@ShehbazSharif)

Pakistan News: पाकिस्तान में प्रांतों के बंटवारों को लेकर सरकार ही दो फाड़ होती दिख रही है। प्रधानमंत्री के राजनीतिक मामलों के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा है कि गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने नए प्रांतों के गठन के मुद्दे को विवादित बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले का अंतिम फैसला संसद में सभी राजनीतिक दलों की सहमति से ही होगा। मोहसिन नकवी की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सनाउल्लाह ने कहा कि वह किसी की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। गृह मंत्री को उनकी आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।

एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में सनाउल्लाह ने कहा, "मैं धमकियों से डरने वाला व्यक्ति नहीं हूं। मोहसिन नकवी को जवाब देना है तो दें। इस तरह के बयानों का मुझ पर कोई असर नहीं पड़ेगा।"

नकवी की टिप्पणियों पर उठाए सवाल

सनाउल्लाह ने नकवी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वह खुद को कायदे आजम जैसी शख्सियत समझते हैं, जिनके व्यक्तित्व और विचारों पर चर्चा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नकवी की व्यक्तिगत आलोचना नहीं की, बल्कि हमेशा गृह मंत्री के तौर पर उनकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी अपनी राय रखने का उतना ही अधिकार है, जितना दूसरे मंत्रियों को है। सनाउल्लाह ने कहा कि अगर नकवी उनकी बातों से सहमत नहीं हैं तो उन्हें धमकी देने के बजाय तर्कों के साथ जवाब देना चाहिए।

नए प्रांतों के गठन पर संसद में होगा फैसला

राणा सनाउल्लाह ने कहा कि नए प्रांतों के गठन को लेकर मोहसिन नकवी के बयानों ने अनावश्यक विवाद पैदा कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि नकवी ने इस मुद्दे पर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी का समर्थन क्यों नहीं लिया। सनाउल्लाह के मुताबिक, दोनों नेताओं ने कथित तौर पर कहा है कि इस मुद्दे पर उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि राजनीतिक दलों के बीच सहमति बन पाएगी या नहीं, लेकिन इस मुद्दे का समाधान आखिरकार संसद में ही निकालना होगा।

पाकिस्तान की व्यवस्था पर भी नकवी को घेरा

सनाउल्लाह ने पाकिस्तान की व्यवस्था को लेकर नकवी के बयान पर भी सवाल उठाए। नकवी ने कहा था कि देश की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

इस पर सनाउल्लाह ने कहा, "व्यवस्था खुद फेल नहीं हुई है, बल्कि उसे फेल किया गया है।" उन्होंने कहा कि नए प्रांतों का मुद्दा सबसे पहले नकवी ने उठाया था, इसलिए इससे जुड़े विवाद की जिम्मेदारी भी उन्हें लेनी चाहिए।

इसके अलावा, कारोबारियों की ओर से अरबों रुपये की आर्थिक मदद देने संबंधी नकवी के बयान पर भी सनाउल्लाह ने सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की आर्थिक मदद के पीछे भविष्य में सरकारी योजनाओं या सौदों के जरिए फायदा लेने की कोशिश हो सकती है।

नकवी की चेतावनी के बाद बढ़ी जुबानी जंग

दरअसल, यह विवाद रविवार को मोहसिन नकवी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने एक मंत्री पर बार-बार उनके खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। नकवी ने चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने जवाब देना शुरू किया तो संबंधित मंत्री को सार्वजनिक रूप से अपना चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, नकवी ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन उनकी टिप्पणी को राणा सनाउल्लाह से जोड़कर देखा गया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article