देश

Punjab Election: पंजाब को कब तक नशामुक्त करेगा NDA? अमित शाह ने बता दी तारीख और साल

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल बाद फिर गठबंधन कर लिया है। अमित शाह ने 24 नवंबर को इसका औपचारिक ऐलान किया। वही, अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। सीटों के बंटवारे का फैसला आपसी सहमति से बाद में होगा।

Image

पंजाब को नशा मुक्त करने को लेकर अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान। PTI

Punjab Politics: पंजाब की सियासत के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम रहा। दरअसल, विधानसभा चुनाव से ठीक पहले करीब छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) फिर से एक साथ आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (24 नवंबर) को दोनों दलों के गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि पंजाब में गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री अकाली दल का ही होगा।

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब विधानसभा का अगला चुनाव मिलकर लड़ेंगी और अकाली दल आज से फिर एनडीए का हिस्सा बन गया है।

'बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री बनता है'

गठबंधन के ऐलान के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। शाह ने कहा, 'जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है।'

इस बयान से साफ हो गया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री पद अकाली दल के पास रहेगा। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक भी बताया।

2020 में क्यों टूटा था बीजेपी-अकाली दल का गठबंधन?

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना रहा है। दोनों दलों ने लंबे समय तक पंजाब में मिलकर चुनाव लड़ा और सरकार भी चलाई। लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद बढ़ गए।

अकाली दल ने इन कृषि कानूनों के विरोध में एनडीए से नाता तोड़ लिया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में किसान आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन बीजेपी और अकाली दल के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। अब करीब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर हाथ मिला लिया है।

पहले तीन बार पंजाब में बना चुके हैं सरकार

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावी रहा। दोनों दलों ने 1997, 2007 और 2012 में मिलकर सरकार बनाई थी। इन सरकारों का नेतृत्व अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल ने किया था। इस गठबंधन में अकाली दल बड़े सहयोगी की भूमिका में रहता था, जबकि बीजेपी को शहरी क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने का अवसर मिलता था।

अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों की वापसी को पंजाब की सियासत में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

2022 में दोनों पार्टियों का कैसा रहा था प्रदर्शन?

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। राज्य की कुल 117 सीटों में से बीजेपी को सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि अकाली दल 3 सीटें जीतने में सफल रहा था। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं।

अब बीजेपी और अकाली दल एक बार फिर साथ आकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। गठबंधन के सामने आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार और कांग्रेस दोनों बड़ी राजनीतिक चुनौती के रूप में मौजूद हैं।

ड्रग्स और भ्रष्टाचार को लेकर अमित शाह ने क्या कहा?

अमित शाह ने गठबंधन के चुनावी एजेंडे का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने वादा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाया जाएगा। शाह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने पंजाब से नशे की समस्या खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर भी इसी मुद्दे को लेकर निशाना साधा।

शाह ने कहा कि गठबंधन पंजाब के विकास के लिए रोडमैप लेकर आएगा और किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

सुखबीर बादल ने गठबंधन को बताया भावनात्मक रिश्ता

अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बीजेपी के साथ गठबंधन को सिर्फ राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब के हित में है। बादल ने कहा कि इस गठबंधन की नींव उनके पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसके शासन में पंजाब की स्थिति खराब हुई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article