दुनिया

दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे रूसी विमान; जारी हुआ इमरजेंसी अलर्ट, सियोल ने रवाना किए अपने लड़ाकू विमान

Russian Aircraft KADIZ कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच समुद्री क्षेत्र के ऊपर रूसी विमानों के दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र (KADIZ) में प्रवेश करने के बाद मंगलवार (24 नवंबर) को उल्लुंग द्वीप पर अलर्ट जारी किया गया।

Image

दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे रूसी विमान; जारी हुआ इमरजेंसी अलर्ट, सियोल ने रवाना किए अपने लड़ाकू विमान

South Korea Air Defense Alert: रूस के कई विमानों ने कोरियाई प्रायद्वीप एवं जापान के बीच समुद्री क्षेत्र के ऊपर दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में उड़ान भरी जिसके बाद देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक द्वीप पर अलर्ट जारी किया गया। दक्षिण कोरिया की सेना ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पहले जारी खबरों में कहा गया था कि विमानों ने देश के संप्रभु हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया लेकिन दक्षिण कोरियाई सेना ने बाद में इन खबरों में संशोधन कर कहा कि विमानों ने उसके हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया।

हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से निर्धारित वह क्षेत्र होता है जिसमें उड़ान भरने वाले विमानों की पहचान और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाती है। यह क्षेत्र किसी देश के संप्रभु हवाई क्षेत्र से बाहर अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र तक भी फैला हो सकता है। ’ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने अपने बयान में गृह एवं सुरक्षा मंत्रालय तथा स्थानीय प्रांतीय सरकार की ओर से पहले दी गई उस जानकारी में सुधार किया जिसमें कहा गया कि विदेशी विमानों ने दक्षिण कोरिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और ये विमान संभवतः रूस या उत्तर कोरिया के थे।

क्या है पूरा मामला?

सुरक्षा मंत्रालय ने सुबह करीब सात बजकर 52 मिनट पर उल्लुंग द्वीप के निवासियों को भूमिगत केंद्रों या इमारतों में शरण लेने का आदेश दिया लेकिन तीन मिनट बाद यह कहते हुए आदेश वापस ले लिया कि विमान खतरे वाले क्षेत्र से बाहर चले गए हैं। ’ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि रूसी विमानों के वहां से जाने से पहले दक्षिण कोरिया ने हर प्रकार की संभावित स्थिति से निपटने के लिए अपने लड़ाकू विमान रवाना किए थे। उन्होंने तत्काल यह नहीं बताया कि कितने रूसी विमानों का पता चला था और वे किस प्रकार के विमान थे।

वर्ष 2022 में भी उल्लुंग द्वीप के निवासियों में उस समय दहशत फैल गई थी, जब दोनों कोरियाई देशों के बीच बढ़ते तनाव के मध्य उत्तर कोरिया ने समुद्र में 20 से अधिक मिसाइल दागी थीं। इनमें से एक मिसाइल द्वीप की ओर बढ़ी थी, जिसके बाद हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए थे और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था। यह नयी घटना ऐसे समय में हुई है जब एक सप्ताह पहले दक्षिण कोरिया ने रूस के कई सैन्य विमानों को खदेड़ने के लिए अपने लड़ाकू विमान रवाना किए थे।

दक्षिण कोरिया ने कहा था कि रूसी विमानों ने पिछले सोमवार को कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच समुद्री क्षेत्र के ऊपर उसके हवाई रक्षा क्षेत्र में कुछ समय के लिए प्रवेश किया था। जापान ने भी उसी दिन रूस के समक्ष विरोध दर्ज कराया था। जापान ने कहा था कि दो संदिग्ध रूसी विमानों ने उसके दक्षिण-पश्चिमी तट के पास देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article