दुनिया

चीन में जासूसी के दोषी अधिकारी को मौत की सजा, विदेशी खुफिया एजेंसी को लीक किए थे राज

चीन में किसी दूसरे देश के लिए जासूसी करने और राष्ट्रीय रहस्य लीक करने के दोषी एक सरकारी अधिकारी को मौत की सजा सुनाई गई है। आरोप है कि उसने विदेशी खुफिया एजेंसी को राष्ट्रीय रहस्य से जुड़ी 35 जानकारियां दीं।

Image

चीन में जासूसी के दोषी अधिकारी को मिली मौत की सजा (सांकेतिक फोटो)

Photo : AP

China Spying Case: चीन में एक सरकारी अधिकारी को विदेशी देश के लिए जासूसी करने और राष्ट्रीय रहस्य लीक करने के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। सरकारी संस्था से जुड़ी प्रकाशन कंपनी 'गोल्ड वॉल प्रेस' ने सोमवार को यह जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, अधिकारी ने विदेशी खुफिया एजेंसी को 35 ऐसी जानकारियां दी थीं, जिन्हें चीन ने राष्ट्रीय रहस्य की श्रेणी में रखा था। इसके बदले उसे 10 लाख युआन यानी लगभग 1.5 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की रकम मिली थी।

हर महीने मिलते थे पैसे

गोल्ड वॉल प्रेस के बयान के अनुसार, दोषी अधिकारी का उपनाम मा (Ma) बताया गया है। जब वह विदेश में काम कर रहा था, तभी एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने उससे संपर्क किया था। एजेंसी ने उसे अपने लिए काम करने के लिए तैयार किया। इसके बाद दोनों के बीच सहयोग को लेकर एक समझौता हुआ, जिसमें गोपनीयता और वफादारी से जुड़ी शर्तें शामिल थीं। इसके बदले मा को हर महीने तय रकम दी जाती थी। कंपनी के मुताबिक, अधिकारी ने विदेशी खुफिया एजेंसी को कुल 35 जानकारियां उपलब्ध कराईं, जिन्हें राष्ट्रीय रहस्य घोषित किया गया था। इसके बदले उसे 10 लाख युआन से अधिक राशि दी गई थी।

चीन में जासूसी के मामलों को लेकर बढ़ी सख्ती

चीन की अदालतें आमतौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी से जुड़े मामलों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करती हैं। हालांकि, हाल के वर्षों में चीन के शक्तिशाली राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय और गोल्ड वॉल प्रेस ने ऐसे मामलों को सार्वजनिक करने का सिलसिला बढ़ाया है। इसके तहत जासूसी के आरोपियों की गिरफ्तारी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की जा रही है। इसके अलावा फिल्मों और कॉमिक्स के माध्यम से लोगों को जासूसी के खतरों और विदेशी खुफिया एजेंसियों से सतर्क रहने के संदेश दिए जा रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article