Nahid Islam News: बांग्लादेश के 2024 के छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे और वर्तमान में विपक्ष के चीफ व्हिप नाहिद इस्लाम एक बार फिर अपने भारत विरोधी बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सोमवार (23 नवंबर) को ढाका में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद नाहिद इस्लाम ने भारत पर सीधे हस्तक्षेप और देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भारत के खिलाफ मोर्चा
ढाका स्थित सचिवालय में पीएम तारिक रहमान से मुलाकात और लंच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कहा, हमने 5 अगस्त को अवामी लीग को हरा दिया था। अब हमारी असली लड़ाई सीधे भारतीय हस्तक्षेप और वर्चस्व के खिलाफ है। भारत बांग्लादेश को अस्थिर करना चाहता है।
नाहिद ने बांग्लादेश की सभी राजनीतिक ताकतों और आम जनता से 'भारतीय वर्चस्व' के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि 12 दिसंबर को समाप्त हो रही गंगा जल संधि (Ganga Waters Treaty) के नवीनीकरण को लेकर भारत को कड़ा संदेश दिया जाए। इससे पहले नवंबर की शुरुआत में भी नाहिद ने "पानी नहीं, तो ट्रांजिट नहीं" का नारा देते हुए भारतीय सामानों की आवाजाही रोकने की धमकी दी थी।
जमात-ए-इस्लामी से गठबंधन और पार्टी में बगावत
जुलाई 2024 के आंदोलन को लोकतंत्र और सुधार की लड़ाई के रूप में पेश किया गया था। लेकिन चुनाव में अपनी जमीन कमजोर देख नाहिद इस्लाम की पार्टी NCP ने कट्टरपंथी संगठन जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन से हाथ मिला लिया। इस फैसले के विरोध में NCP के कई प्रमुख नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने इसे 'जुलाई आंदोलन के मूल्यों के साथ विश्वासघात' करार दिया था, क्योंकि जमात-ए-इस्लामी ने 1971 में बांग्लादेश की आजादी का विरोध किया था और पाकिस्तानी सेना का साथ दिया था।
'चुनावी समझौते' के दावे की खुली पोल
गठबंधन के वक्त नाहिद इस्लाम ने सफाई दी थी कि जमात के साथ उनका तालमेल 'सिर्फ चुनावी है, वैचारिक नहीं'। लेकिन विपक्ष में बैठने के बाद नाहिद की भाषा पूरी तरह जमात-ए-इस्लामी के पारंपरिक भारत विरोधी एजेंडे में ढलती नजर आ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अपने दम पर राजनीतिक जमीन न बना पाने के कारण नाहिद अब जमात के संगठनात्मक ढांचे पर निर्भर हैं और घरेलू संकटों से ध्यान भटकाने के लिए हर घटना के पीछे 'भारत का हाथ' बता रहे हैं।
शेख हसीना की वापसी की आहट से बौखलाहट
नाहिद इस्लाम का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (जो अगस्त 2024 से भारत में निर्वासन में हैं) ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का संकेत दिया है। हाल के दिनों में अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर सक्रिय हुए हैं और देश में आगजनी व हिंसा की कुछ घटनाएं भी सामने आई हैं। नाहिद ने आरोप लगाया कि भारत एक 'हत्यारे' को शरण दे रहा है और अपनी जमीन का इस्तेमाल बांग्लादेश के खिलाफ होने दे रहा है।
कुल मिलाकर, जिस आंदोलन ने बांग्लादेश में नए राजनीतिक विकल्प और सुधारों का वादा किया था, उसके प्रमुख चेहरे आज कट्टरपंथी राजनीति और भारत विरोधी बयानबाजी के जरिए अपनी सियासी जमीन बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
