शहर

Raebareli News: दूध से नहीं कपड़ों वाले केमिकल से बनाया जा रहा था नकली पनीर, कई जिलों में सप्लाई होता था जहर

Raebareli Fake Paneer Factory: बछरावां थाना क्षेत्र के अखौरा गांव में पिछले काफी समय से चोरी-छिपे नकली पनीर बनाने का काम चल रहा था। यहां दूध से नहीं, बल्कि केमिकल और मिलावटी चीजों से पनीर तैयार किया जाता था।

Image

रायबरेली में नकली पनीर की फैक्ट्री का भंडाफोड़ (फोटो साभार- TNN)

Raebareli Fake Paneer Factory: रायबरेली से सेहत के साथ खिलवाड़ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऐसी फैक्ट्री पकड़ी गई है, जहां लोगों को खिलाने के लिए कपड़ों में चमक लाने वाले खतरनाक केमिकल से पनीर बनाया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया है।

टीनोपाल मिलाकर बनाया जा रहा था जहर

मामला बछरावां थाना क्षेत्र के अखौरा गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में पिछले काफी समय से चोरी-छिपे नकली पनीर बनाने का काम चल रहा था। यहां दूध से नहीं, बल्कि केमिकल और मिलावटी चीजों से पनीर तैयार किया जाता था। पनीर को सफेद और आकर्षक दिखाने के लिए कपड़ों को सफेद करने वाला केमिकल टीनोपाल / रानीपाल मिलाया जा रहा था। यह केमिकल खाने की चीजों में डालना बेहद खतरनाक है और इससे लीवर, किडनी और पेट की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

आस-पास के जिलों में सप्लाई हो रहे थे नकली पनीर

सूचना मिलने पर सोमवार की रात सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मानिकचंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने फैक्ट्री पर अचानक छापा मारा। छापे के दौरान टीम के भी होश उड़ गए। मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार नकली पनीर रखा हुआ था, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया। टीम ने पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, अन्य सामान और तैयार माल के नमूने भी अपने कब्जे में ले लिए। जांच में पता चला कि यहां तैयार होने वाला नकली पनीर सिर्फ रायबरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों में भी सप्लाई किया जा रहा था। शादी-ब्याह और होटलों में यही पनीर लोगों को परोसा जा रहा था। फैक्ट्री का संचालन गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा किए जाने का आरोप है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने थाने में दी तहरीर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संचालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल ने बताया कि लखनऊ से आई टीम नमूने ले गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस खुलासे के बाद लोगों में दहशत है। लोग अब बाजार का पनीर खरीदने से भी डर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नकली पनीर की पहचान करना आम आदमी के लिए मुश्किल है, इसलिए FSSAI को ऐसे कारखानों पर लगातार छापेमारी करनी चाहिए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article