दुनिया

16 दिसंबर को ढाका जाएंगी शेख हसीना, बांग्लादेश में बढ़ी सियासी हलचल, क्या करेंगे तारिक रहमान?

पहली बार शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई ठोस तारीख सामने रखी है, जिससे बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Image

शेख हसीना की वापसी तारीख का ऐलान

Photo : AP

Sheikh Hasina To Return To Bangladesh- भारत में दो साल से अधिक समय तक निर्वासन में रहने के बाद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने स्वदेश लौटने की तारीख तय कर दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अवामी लीग की नेता शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। यह दिन 1971 के मुक्ति संग्राम की समाप्ति और बांग्लादेश के 'विजय दिवस' (Victory Day) के रूप में मनाया जाता है। अब सवाल है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान क्या करेंगे, वह अब तक ऐसा कोई बड़ा काम नहीं कर पाए हैं, जो दिखाता हो कि बांग्लादेश तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। इसके विपरीत बांग्लादेश में आए दिन हिंसा-आगजनी हो रही है।

दिल्ली से ढाका वापसी के लिए सरकार से की मांग

रायटर्स के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने एक बयान जारी कर कहा कि 5 अगस्त 2024 को जिस तरह उन्हें बांग्लादेश के विमान से भारत ले जाया गया था, उसी तरह अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर उनकी वापसी के लिए दिल्ली से ढाका तक हवाई परिवहन की व्यवस्था करे।

प्रवक्ता के अनुसार, संविधान के विपरीत परिस्थितियों में उन्हें निर्वासित किया गया था, ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी स्वदेश वापसी संभव बनाना सरकार का दायित्व है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीना ने यह भी कहा है कि उनकी वापसी की व्यवस्था बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमान सेवा 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' के जरिए की जाए।

गिरफ्तारी की चेतावनी और तनाव का माहौल

पहली बार शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई ठोस तारीख सामने रखी है, जिससे बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बांग्लादेश में फिलहाल अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है, और इसी महीने की शुरुआत में हसीना द्वारा नया पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज मांगे जाने के बाद से वहां हिंसा और तनाव की घटनाएं भी बढ़ी हैं।

गिरफ्तारी की तैयारी

बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को रॉयटर्स को बताया कि वापसी होते ही शेख हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हसीना को वापस लाने के लिए विमान भेजने को लेकर भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।

मौत की सजा सुनाई थी

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, शेख हसीना की सरकार के खिलाफ हुए उग्र प्रदर्शनों के दौरान 1,400 लोगों की मौत हुई थी। पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने छात्र आंदोलन के दौरान घातक कार्रवाई का आदेश देने के मामले में हसीना की अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, हालांकि हसीना ने निर्वासन से इन आरोपों को खारिज किया था।

बांग्लादेश सरकार के प्रवक्ता की ओर से इस नए घटनाक्रम पर अभी तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन 16 दिसंबर की तारीख तय होने के बाद ढाका से दिल्ली तक सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article