अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक गंभीर घटना सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी एयरस्ट्राइक में महान एयर का वह विमान क्षतिग्रस्त हो गया है जिसे मानवीय मिशन के तहत भारत आना था। यह विमान मशहद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर खड़ा था और 1 अप्रैल को नई दिल्ली पहुंचने वाला था, जहां से उसे दवाओं और राहत सामग्री लेकर पश्चिम एशिया लौटना था।
ईरानी मीडिया और सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि रविवार को हुई स्ट्राइक में विमान को नुकसान पहुंचा। हालांकि, अमेरिका की ओर से इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। महान एयर निजी ईरानी विमान सेवा है, इस मिशन के तहत भारत से युद्ध प्रभावित लोगों के लिए मानवीय सहायता ले जाने वाली थी। उड़ान के रद्द होने या आगे बढ़ने को लेकर भी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस घटनाक्रम के बीच भारत ने भी पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को बताया कि क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में अब तक आठ भारतीय नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति लापता है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (गल्फ), असीम आर. महाजन ने बताया कि रविवार को कुवैत में भी एक भारतीय नागरिक की हमले में मौत हो गई। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है।
उधर, मध्य पूर्व में संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। 28 फरवरी को अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद शुरू हुई झड़पों ने अब 30 दिन पूरा कर लिया है। ईरान ने इसके जवाब में इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसके चलते खाड़ी देशों में स्थित कई साइटों पर भी हमले हुए। रिपोर्टों के अनुसार अब तक 3,000 से अधिक लोग इस संघर्ष में मारे जा चुके हैं।
