दुनिया

ईरान के डिजिटल वित्तीय लेन-देन पर ट्रंप का 'प्रहार', 6 कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध, जहाजों पर हमले को बताया वजह

इस कदम के बारे में जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेन-देन के लिए ईरानी शासन कथित रूप से जिन दो बड़ी डिजिटल कंपनियों का इस्तेमाल करता है, उन पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।

Image

ईरान पर अमेरिका ने लगाए नए प्रतिबंध।

Photo : ANI

US sanctions on Iran: ईरान पर अपना दबाव बढ़ाते हुए अमेरिका ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) उसके छह प्रतिष्ठानों एवं कथित रूप से डिजिटल संपत्ति नेटवर्क से जुड़े एक व्यक्ति पर प्रतिबंध लगाए। अमेरिका का कहना है कि ईरान पर यह प्रतिबंध इस सप्ताह की शुरुआत में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले के बाद लगाया गया है। इस कदम के बारे में जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेन-देन के लिए ईरानी शासन कथित रूप से जिन दो बड़ी डिजिटल कंपनियों का इस्तेमाल करता है, उन पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके अलावा अवैध डिजिटल संपत्ति गतिविधियों की सुविधा देने वाली कंपनियों के नेटवर्क के एक सरगना पर भी बैन लगा है। इस व्यक्ति की कंपनियां कई देशों में काम करती हैं।

ईरान पर अरबों डॉलर की मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप

प्रेस को जारी बयान में पिगॉट ने कहा, 'ईरानी शासन विभिन्न माध्यमों, जिनमें डिजिटल एसेट (डिजिटल संपत्ति) एक्सचेंज भी शामिल हैं, के जरिए अवैध धन स्थानांतरित करके अरबों डॉलर की मनी लॉन्ड्रिंग करता है। आज, संयुक्त राज्य अमेरिका छह संस्थाओं और एक व्यक्ति पर प्रतिबंध लगा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हालिया हमलों के जवाब में की गई है और उन्होंने तेहरान के वित्तीय संसाधनों को सीमित करने की वाशिंगटन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

होर्मुज में जहाजों पर हमलों के बाद कार्रवाई

उन्होंने कहा, 'हम इस सप्ताह की शुरुआत में होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ ईरान द्वारा किए गए हमलों के बाद यह कार्रवाई कर रहे हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका इस शासन को उन संसाधनों से वंचित करना जारी रखेगा जिनकी आवश्यकता उसे अपने पड़ोसियों और निर्दोष जहाजों को धमकाने, आतंकवाद का समर्थन करने और अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए है।'

ईरान के साथ बातचीत जारी-ट्रंप

ईरान के खिलाफ अमेरिका की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब संभावित डील के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि डील के लिए ईरान के साथ जारी बातचीत सकारात्कम दिशा में चल रही है और जल्द ही डील होने की उम्मीद है। हालांकि, ईरान की तरफ से बातचीत की पुष्टि नहीं की गई है। ईरान ने कुछ दिनों पहले कहा कि होर्मुज में एक वैकल्पिक सामुद्रिक रास्ते के लिए वह ओमान के साथ बातचीत कर रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article