दुनिया

Tariff on India: ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% अतिरिक्त टैरिफ,अब बढ़कर हुआ 50 प्रतिशत, 21 दिन बाद होगा प्रभावी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज रूस से तेल खरीदने की 'सजा' के तौर पर भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की, जिससे कुल टैरिफ 50 प्रतिशत हो गया।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प (फोटो-AP)

US Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार रात रूसी कच्चे तेल के निरंतर आयात के लिए भारत पर फिर भारी-भरकम टैरिफ लगा दिया। ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए। ट्रंप के आदेश के बाद भारत से आयातित वस्तुओं पर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लागू होगा और यह आदेश 21 दिन बाद से लागू होगा। इसके साथ ही भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में लगने वाला शुल्क अब बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।

ट्रंप ने पिछले सप्ताह ही 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने ने इस शुल्क के लागू होने से चंद घंटे पहले अतिरिक्त शुल्क लगाने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए।

भारतीय वस्तुओं पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत हो जाएगा

इस आदेश के बाद कुछ छूट प्राप्त वस्तुओं को छोड़कर, भारतीय वस्तुओं पर कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो जाएगा। प्रारंभिक शुल्क सात अगस्त से प्रभावी होगा जबकि अतिरिक्त शुल्क 21 दिन बाद लागू होगा। ट्रंप ने मंगलवार को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह रूस से तेल और गैस खरीदने के लिए भारत पर 24 घंटे में भारी शुल्क की घोषणा करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस इस तेल बिक्री से हासिल राशि का इस्तेमाल कर रहा है जबकि भारत सस्ता तेल पाने के लिए इस पहलू पर ध्यान नहीं दे रहा है।

' रूस से तेल और गैस खरीदने की वजह से भारत पर अलग से जुर्माना लगाएंगे'

ट्रंप ने 30 जुलाई को भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत शुल्क की घोषणा करते समय भी कहा था कि वह रूस से तेल और गैस खरीदने की वजह से भारत पर अलग से जुर्माना लगाएंगे।

अब भारत से आयातित वस्तुओं पर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लागू होगा, जो आदेश के 21 दिन बाद से प्रभावी होगा। आज पहले हस्ताक्षरित एक कार्यकारी आदेश में ट्रंप ने लिखा, 'मुझे लगता है कि भारत सरकार वर्तमान में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूसी संघ से तेल आयात कर रही है... मेरे विचार से, मैं भारत से आयातित वस्तुओं पर यथामूल्य शुल्क लगाना आवश्यक समझता हूं...'

अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का कार्यकारी आदेश जारी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 25% अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का कार्यकारी आदेश जारी किया है, क्योंकि भारत रूसी तेल का आयात कर रहा है।यह आदेश रूस-यूक्रेन संकट के कारण घोषित राष्ट्रीय आपातकाल (एग्जीक्यूटिव ऑर्डर 14066) पर आधारित है जो रूस की गतिविधियों को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए खतरा मानता है।

भारत से आयातित वस्तुओं पर 25% अतिरिक्त शुल्क लागू होगा

भारत से आयातित वस्तुओं पर 25% अतिरिक्त शुल्क लागू होगा, इसके साथ ही भारत पर अमेरिका ने कुल 50% टैरिफ की घोषणा कर दी है। जो आदेश के 21 दिन बाद से प्रभावी होगा, सिवाय उन वस्तुओं के जो पहले से पारगमन में हैं। यह शुल्क उन वस्तुओं पर लागू नहीं होगा जो ट्रेड एक्सपैंशन एक्ट 1962 की धारा 232 या एग्जीक्यूटिव ऑर्डर 14257 के तहत छूट प्राप्त हैं। 'रूसी तेल' में रूस से निकाला गया, परिष्कृत या निर्यात किया गया कच्चा तेल या पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं, चाहे उत्पादन या बिक्री में शामिल इकाई किसी भी देश की हो।

भारत की प्रतिक्रिया सामने आई

भारत ने तेल आयात को लेकर उठाए गए कदमों पर नाराज़गी जताई है। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा कि 'तेल आयात हमारी ऊर्जा सुरक्षा का मामला है, 140 करोड़ भारतीयों की जरूरतें सर्वोपरि हैं'अमेरिका के टैरिफ फैसले को ‘अनुचित, अन्यायपूर्ण और अनुचित’ बताया साथ ही भारत ने साफ किया कि 'राष्ट्रीय हित की रक्षा के लिए हर ज़रूरी कदम उठाएंगे'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article