US KC-135 refuelling aircraft : ईरान के खिलाफ युद्ध अभियान में अमेरिका को एक बड़ा नुकसान हुआ है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने गुरुवार को (स्थायी समयानुसार) को कहा कि उसका री-फ्यूलिंग एयरक्राफ्ट KC-135 स्ट्रैटोटैंकर इराक में क्रैश हो गया। कमांड ने कहा कि यह घटना ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान मित्र देश के आसमान में हुई। इस घटना में दो एयरक्राफ्ट शामिल थे। एक एयरक्राफ्ट इराक के पश्चिमी इलाके में नीचे गिरा दिया गया जबकि दूसरा सुरक्षित लैंड कर गया। राहत कार्य जारी है। यह घटना शत्रु अथवा मित्र देश की फायरिंग की वजह से नहीं हुई।
CENTCOM की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस बारे में और जानकारी उपलपब्ध होने पर बताया जाएगा। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 'ईरान हालात बहुत तेजी से बदल रहे हैं।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिकी सैन्य ताकत की प्रशंसा की।
अमेरिकी सेनाएं मजबूत प्रदर्शन कर रही हैं -ट्रंप
व्हाइट हाउस में आयोजित महिला इतिहास माह कार्यक्रम में बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी सेनाएं मजबूत प्रदर्शन कर रही हैं और उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा कार्रवाई ईरान से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों से निपट रही हैं। उन्होने कहा कि 'ईरान के साथ स्थिति बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। हमारी सेना का कोई मुकाबला नहीं है। इसके जैसी सेना पहले कभी नहीं रही। किसी ने भी ऐसा पहले कभी नहीं देखा।'
'हमने अपनी सेना का पुनर्निमाण किया'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि अमेरिका अब ऐसे कदम उठा रहा है जो दशकों पहले उठाए जाने चाहिए थे। अपने पहले कार्यकाल को याद करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा अमेरिकी सेना के पुनर्निर्माण के प्रयासों ने उसकी मौजूदा क्षमताओं को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि 'हमारा पहला कार्यकाल बहुत सफल रहा, अब तक की सबसे बेहतरीन अर्थव्यवस्था थी। हमने कई शानदार काम किए। हमने अपनी सेना का पुनर्निर्माण किया। यही एक वजह है कि आज हमारी सेना इतना अच्छा प्रदर्शन कर रही है।'
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने इतनी अधिक सैन्य निर्भरता की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात से निपटने में मजबूत सेना अब बेहद अहम साबित हो रही है।
