Punjab Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की सरगर्मियां तेज करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संसदीय मामलों की समिति (PAC) के साथ गहन मंथन के बाद उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई है। जारी की गई पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनकी पारंपरिक सीट धूरी से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्रियों, प्रमुख विधायकों और सांगठनिक चेहरों को शुरुआती सूची में जगह मिली है।
प्रमुख चेहरे और उनकी सीटें
बड़े नामों की बात करें तो मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां को मैदान में उतारा गया है। लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा, बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी) और अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को टिकट दिया गया है। इसके अलावा करतारपुर से बलकार सिंह, रूपनगर से दिनेश चड्ढा, एसएएस नगर (मोहाली) से कुलवंत सिंह, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

AAP List

AAP Candidate List
मान की केजरीवाल-सिसोदिया के साथ बैठक
इससे पहले शुक्रवार को सीएम मान ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ बैठक की और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में आप की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। मान ने बताया कि बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई और छांटे गए नाम शुक्रवार शाम को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के पास भेजे जाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने सभी उम्मीदवारों को शुभकानाएं दी हैं।
अपने कार्यों के आधार पर वोट मांगेंगे-सीएम मान
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'पीएसी की बैठक कल पूर्वाह्न 11 बजे फिर होगी। इस बैठक के बाद पहली सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। मैं शनिवार दोपहर करीब 12 बजे यहां सूची साझा करूंगा।’उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जनता की प्रतिक्रिया और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा। मान ने कहा कि आप पिछले पांच वर्षों में पंजाब सरकार द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर वोट मांगेगी। उन्होंने बिजली, जलापूर्ति, स्कूलों, अस्पतालों, बुनियादी ढांचे और सड़कों को विकास के प्रमुख क्षेत्र बताया।
पंजाब में हैं विधानसभा की 117 सीटें
उन्होंने बैठक को 'सार्थक’ बताते हुए कहा, 'हम सकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं। आज हमने कई मुद्दों पर चर्चा की।’ मान ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के तहत आगे और बैठकें होंगी तथा सर्वेक्षण भी कराया जाएगा। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च, 2027 को समाप्त हो रहा है।
