US Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (स्थानीय समय) को कहा कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ कई मायनों में जीत हासिल की है, लेकिन यह जीत अभी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का लक्ष्य फारस की खाड़ी के इस देश के खिलाफ “अंतिम जीत” हासिल करना है।
खतरा हमेशा के लिए हो खत्म- ट्रंप
रिपब्लिकन सदस्यों के मुद्दों पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, “हमने कई तरह से जीत हासिल की है, लेकिन अभी उतनी नहीं जितनी चाहिए थी। हम पहले से कहीं ज्यादा दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, ताकि अंतिम जीत हासिल कर सकें और लंबे समय से बने इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके।” ट्रंप ने यह भी कहा कि जब यह अभियान पूरा हो जाएगा तो दुनिया पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह अभियान बहुत जल्दी पूरा हो जाएगा।
ईरान कर देता हमला- ट्रंप
अमेरिका के ईरान पर किए गए हमलों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका पहले कार्रवाई नहीं करता, तो ईरान खुद हमला कर सकता था। उन्होंने कहा, “अगर हम आगे बढ़कर कार्रवाई नहीं करते तो वे हमारे खिलाफ आ जाते। एक हफ्ते के भीतर वे हम पर हमला करने वाले थे। वे पूरी तरह तैयार थे। उनके पास उम्मीद से कहीं ज्यादा मिसाइलें थीं और वे अमेरिका पर हमला करने की योजना बना रहे थे। उनका निशाना पूरा मध्य पूर्व और इजराइल भी था।”
ईरान के पास बहुत कम लॉन्चर- ट्रंप
ट्रंप ने दावा किया कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता तो वह उसका इस्तेमाल इजराइल के खिलाफ कर सकता था। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा हमला होने वाला था। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के कई मिसाइल ठिकानों और लॉन्चरों को निशाना बनाया गया है और अब तक करीब 80 प्रतिशत लॉन्चरों को नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब ईरान के पास बहुत कम लॉन्चर बचे हैं और अमेरिकी सेना ने जो कार्रवाई की है, वह बेहद प्रभावशाली है। ट्रंप ने यह भी बताया कि ड्रोन बनाने वाले ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा, “ड्रोन क्षमताओं को काफी हद तक खत्म कर दिया गया है और हम उन जगहों पर भी हमले कर रहे हैं, जहां ड्रोन बनाए जाते हैं। इसमें बहुत मेहनत और बेहतरीन काम किया गया है। जब यह अभियान पूरी तरह खत्म हो जाएगा तो दुनिया पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित होगी और यह प्रक्रिया बहुत जल्द पूरी हो जाएगी।”
