दुनिया

यूएस सांसद रो खन्ना को इजरायली बस्ती के लोगों ने बनाया बंधक,एम-4 राइफलों से थे लैस; वेस्ट बैंक दौरे के दौरान हुई घटना

रो खन्ना ने बताया कि फलस्तीन की मेरी यात्रा के दौरान अमेरिकी-निर्मित एम4एस राइफल लहराते हुए इजराइली बस्ती के लोगों ने मुझे और अन्य अमेरिकियों को हिरासत में ले लिया। जब आईडीएफ (इजराइली रक्षा बल) वहां पहुंची, तो उसने हथियारबंद लोगों का साथ दिया और हमें बंधक बनाये रखा।

Image

यूएस सांसद रो खन्ना।

अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने आरोप लगाया है कि वेस्ट बैंक के दौरे के दौरान इजराइली बस्ती में हथियारबंद लोगों ने उन्हें 'बंधक'बना लिया था। कैलिफोर्निया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य और डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील नेताओं में गिने जाने वाले खन्ना ने रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि यह घटना उस समय हुई जब उनका प्रतिनिधिमंडल दक्षिणी वेस्ट बैंक के उन गांवों का दौरा कर रहा था, जहां हाल के महीनों में बसने वालों के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं।

एम4एस राइफल से लैस थे बंधक बनाने वाले लोग- रो खन्ना

इसके बाद खन्ना ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फलस्तीन की मेरी यात्रा के दौरान अमेरिकी-निर्मित एम4एस राइफल लहराते हुए इजराइली बस्ती के लोगों ने मुझे और अन्य अमेरिकियों को हिरासत में ले लिया। जब आईडीएफ (इजराइली रक्षा बल) वहां पहुंची, तो उसने हथियारबंद लोगों का साथ दिया और हमें बंधक बनाये रखा। उन्होंने बहुत बड़ी गलती की।

खन्ना ने बताया कि उनका समूह एक ऐसे फिलिस्तीनी गांव में गया था जहां पहले हुए हमलों में एक स्कूल समेत कई इमारतों को नुकसान पहुंचाया गया था या उन्हें नष्ट कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बसने वालों ने उन्हें वहां से जाने नहीं दिया और बाद में इजरायली सेना को बुलाया। खन्ना का दावा है कि मौके पर पहुंचे सैनिकों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की मदद करने के बजाय बसने वालों का पक्ष लिया।

कैमरून कास्की ने दी ये जानकारी

अमेरिकी सांसद ने इस बात पर भी चिंता जताई कि बसने वालों के पास अमेरिकी निर्मित एम-4 राइफलें थीं। उनके अनुसार, यह घटना इस सवाल को भी उठाती है कि कब्जे वाले क्षेत्रों में अमेरिकी हथियारों का इस्तेमाल किस प्रकार हो रहा है। खन्ना के साथ मौजूद उनके सहयोगी कैमरून कास्की ने बताया कि समूह ने सहायता के लिए यरुशलम स्थित अमेरिकी दूतावास से संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि बाद में पुलिस अधिकारियों जैसे दिखने वाले कुछ सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद समूह को वहां से निकलने की अनुमति मिली।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब वेस्ट बैंक में इजरायली बसने वालों की बढ़ती हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ रही है और कुछ अमेरिकी सांसद इजरायल को दी जाने वाली अमेरिकी सैन्य सहायता और उसके इस्तेमाल पर अधिक निगरानी की मांग कर रहे हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article