क्राइम

झारखंड में खुशियां मातम में बदलीं; शादी से दो दिन पहले हुई युवक की हत्या, किसने रची साजिश?

झारखंड के गिरिडीह जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी से महज दो दिन पहले 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में इस सनसनीखेज वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है।

Image

झारखंड में शादी से दो दिन पहले युवक की हत्या से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले में शादी से महज दो दिन पहले 20 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में युवक की मंगेतर के जीजा को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित प्रेम प्रसंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह गांव का रहने वाला नीरज हाजरा अपनी शादी के सिलसिले में राजस्थान से घर लौटा था, लेकिन पांच जुलाई को वह अचानक लापता हो गया।

7 जुलाई को होने वाली थी शादी

अधिकारियों ने बताया कि उसकी शादी सात जुलाई को होने वाली थी। अधिकारियों के अनुसार बाद में उसका शव पड़ोसी राज्य बिहार के जमुई जिले के बिचकोरवा में एक सुनसान जगह से बरामद किया गया। खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी सुभाष हाजरा (30) को गिरफ्तार किया, जो बिहार के जमुई का रहने वाला है।

आरोपी ने कबूल किया अपना अपराध

एसडीपीओ ने कहा, "पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने जांचकर्ताओं को बताया कि नीरज की मंगेतर व अपनी साली के साथ पिछले दो साल से आरोपी के प्रेम संबंध थे। उसने युवती पर नीरज से रिश्ता तोड़ने का दबाव भी बनाया था, लेकिन जब युवती ने इनकार कर दिया, तो आरोपी ने नीरज की हत्या की साजिश रच डाली।"

नशा कराने के बाद उतारा मौत के घाट

पुलिस के अनुसार, सुभाष ने कथित तौर पर चार जुलाई को नीरज को शादी से पहले पार्टी देने के बहाने अपने पास बुलाया, इसके बाद दोनों बिहार के जमुई चले गए, जहां आरोपी ने नीरज को नशा कराने के बाद उसकी हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर, एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article