लंदन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन क्रांति गौड़ की शानदार गेंदबाजी और स्मृति मंधाना के दूसरे अर्धशतक की बदौलत अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने इंग्लैंड की दूसरी पारी को 170 रन पर समेटकर दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए हैं। पहली पारी में 115 रन की बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम के पास कुल बढ़त 269 रन की हो गई है। स्मृति मंधाना 69 और यस्तिका भाटिया 39 रन बनाकर नाबाद हैं।
क्रांति गौड़ के सामने इंग्लैंड ने टेके घुटने
दूसरे दिन के खेल की शुरुआत इंग्लैंड ने भारत के पहली पारी में बनाए 285 रन के जवाब में एक विकेट पर 21 रन के साथ की। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (44) और एमी जोंस (52) ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की जुझारू साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को कुछ देर परेशान किया, लेकिन क्रांति गौड़ (37 रन पर पांच विकेट) के शानदार प्रदर्शन के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज टिक नहीं सकीं। भारत के दबदबे की कहानी क्रांति गौड़ की दो सत्रों में की गई घातक गेंदबाजी से लिखी गई, जिसमें उन्होंने चार अहम विकेट चटकाए। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार शाम टैमी ब्यूमोंट को आउट किया था।
दूसरे दिन के दूसरे ओवर में ही गौड़ ने माइया बूचियेर (23) को पवेलियन भेज दिया। बाहर जाती गेंद पर बूचियेर का अधूरा शॉट विकेटकीपर यास्तिका भाटिया के हाथों में समा गया। इसके बाद एलिस कैप्सी का विकेट दिन का सबसे शानदार क्षण रहा। गौड़ की गेंद ने थोड़ी हरकत की जिससे कैप्सी चकमा खा गईं और गेंद उनके ऑफ स्टंप को उखाड़ ले गई। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज सयाली सतघरे ने अनुभवी हीथर नाइट को अंदर आती गेंद पर पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को 47 रन पर चार विकेट के संकट में डाल दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Kranti Gaud Fifer: क्रांति गौड़ ने रचा इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में इतिहास, लीडरबोर्ड में दर्ज हुआ नाम
ब्रंट और जोंस ने संभाली इंग्लैंड की ढहती पारी
मुश्किल स्थिति में इंग्लैंड को एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी और कप्तान ब्रंट और जोंस ने टीम को संभाला। जोंस ने 59 गेंदों में महिला टेस्ट क्रिकेट का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने गौड़ और सतघरे के खिलाफ शानदार ड्राइव और पुल शॉट लगाए। ब्रंट ने सहयोगी भूमिका निभाई, लेकिन मौके मिलने पर आक्रामक अंदाज भी दिखाया। उन्होंने गौड़ की गेंद पर चौका लगाया और बाद में स्पिनर स्नेह राणा की गेंद पर स्लॉग स्वीप के जरिए छक्का जड़कर भारत की बढ़त को कम करने की कोशिश की। यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। जोंस ने राणा की गेंद को हल्के हाथों से लेग साइड में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर शॉर्ट लेग पर खड़ी ऋचा घोष के हाथों में चली गई।
गौड़ बनीं लॉर्ड्स टेस्ट में पांच विकेट चटकाने वाली पहली महिला बॉलर
इसके बाद क्रांति गौड़ ने लॉरेन बेल का विकेट लेकर अपना पांच विकेट का शानदार प्रदर्शन पूरा किया। वो लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट चटकाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। गौड़ के अलावा ऑफ स्पिनर स्नेह और तेज गेंदबा सतघरे ने भी दो-दो विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी समेटने में अहम योगदान दिया। इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में महज 33 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए, जिससे भारतीय टीम ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।
