शहर

कौन हैं घनश्याम सिंह? कांग्रेस ने दतिया से बनाया उम्मीदवार; भाजपा के आशुतोष तिवारी को देंगे सीधी टक्कर

Datia Bypoll: कांग्रेस ने शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर वरिष्ठ नेता घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है।

Image

कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को दतिया से दिया टिकट

Photo : PTI

Datia Bypoll: कांग्रेस ने शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर वरिष्ठ नेता घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने ऐसे समय पर उम्मीदवार का ऐलान किया जब नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भाजपा नेतृत्व से खफा नजर आ रहे हैं और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्का जाम कर दिया।

कौन हैं घनश्याम सिंह?

दतिया राजघराने के सदस्य घनश्याम सिंह पर कांग्रेस ने बड़ा दांव लगाते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के सामने उतारा है। घनश्याम सिंह कांग्रेस के पुराने नेता हैं और वह दतिया और सेवढ़ा से विधायक रह चुके हैं। दोनों विधानसभाओं में जमीनी स्तर पर उनकी अच्छी खासी पकड़ है।

पहली बार साल 1993 में वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद 1998 में उन्हें हार का स्वाद चखना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने जमीनी स्तर पर लोगों के बीच उपस्थिति दर्ज कराई और अगले चुनाव यानी 2003 में एक बार फिर विधायक बने। उन्होंने 2018 में सेवढ़ा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, 2023 का चुनाव वह हार गए थे।

कांग्रेस नेता घनश्याम सिंह ने पार्टी को टिकट के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दतिया में पिछले कुछ सालों में इंफ्रास्ट्रक्चर का डेवलपमेंट हुआ है, लेकिन इसका फ़ायदा लोगों तक नहीं पहुंचा है। हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, स्कूल, आंगनवाड़ी सेंटर और हेल्थ सुविधाओं पर करोड़ों खर्च होने के बावजूद सेवाएं खराब हैं और भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा बना हुआ है। हमारी लड़ाई यह पक्का करने के लिए है कि विकास से लोगों को फायदा हो।

'भयमुक्त दतिया'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता घनश्याम सिंह की बेटी मांडवी राजे ने पार्टी के फैसले का स्वागत किया। समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में मांडवी राजे ने कहा, ''मैं बहुत खुश हूं और दतिया के लोग भी खुश हैं। हम यह चुनाव मजबूती से लड़ेंगे। लोग हमारे साथ हैं और हम इसे पूरे भरोसे और पक्के इरादे के साथ लड़ेंगे।"

उन्होंने कहा कि सबसे पहले तो भयमुक्त दतिया... जो लोगों में डर था, वो घर से नहीं निकल रहे थे, लेकिन आज देखिए टिकट का ऐलान होते ही हमारे साथ खड़े हैं। विकास के लिए हम कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं।

नरोत्तम मिश्रा का कटा टिकट तो बौखलाए समर्थक

भाजपा ने दतिया उपचुनाव को लेकर नरोत्तम मिश्रा को बड़ा झटका देते हुए आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया, जिसके बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में इस्तीफों की छड़ी लग गई। साथ ही, समर्थकों ने लगभग 12 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्का जाम किया और पुलिस पर पथराव किया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस घटना में पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article