Hormuz Crisis Deepen: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच, अमेरिका ने दावा किया कि उसने होर्मुज से होकर गुजरने के लिए मार्ग खोल दिया है, और इस संकरे जलमार्ग से आवागमन को प्रोत्साहित करने के लिए दर्जनों जहाजरानी कंपनियों से संपर्क किया है।
US ने अमेरिकी नावों को डुबोया
अमेरिकी केंद्रीय कमान के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टरों ने होर्मुज में असैन्य जहाजों को निशाना बना रही छह छोटी ईरानी नावों को डुबो दिया है।
होर्मुज से गुजरे दो जहाज
अमेरिकी सेना ने बताया कि अमेरिका के झंडे वाले दो वाणिज्यिक जहाज "होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक गुजरे हैं।" यह घोषणा ऐसे समय में की गई, जब इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से वाणिज्यिक जहाजों के सुरक्षित आवागमन के सिलसिले में वाशिंगटन के नये प्रस्ताव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध और बढ़ गया है।
UAE पर दागी गई मिसाइलें
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया कि ईरान ने उस पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। यूएई ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया, जबकि एक ड्रोन हमले से तेल साइट में आग लग गई। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की एयर डिफेंस सिस्टम इस समय ईरान से आने वाले मिसाइल हमलों और ड्रोन को निष्क्रिय करने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि ड्रोन हमले की वजह से एक तेल साइट पर आग लग गई, हालांकि, हालात पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, ''देश के विभिन्न हिस्सों में जो आवाजें सुनी गईं, वे यूएई की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज़ मिसाइलों और ड्रोन को निष्क्रिय किए जाने का परिणाम हैं।''
