दुनिया

'ISIS को जड़ से उखाड़ फेकेंगे', आतंकी संगठन पर अमेरिका का बड़ा एक्शन; मारा गया सरगना अली हुसैन अल-उलैवी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने उत्तर-पश्चिम सीरिया में एक सटीक हवाई अभियान चलाकर ISIS के वरिष्ठ नेता अली हुसैन अल-‘उलैवी को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिका के मुताबिक, अल-उलैवी संगठन के ऑपरेशन्स और नेटवर्क संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था और यह कार्रवाई उन आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति का हिस्सा है जो अमेरिकी हितों को निशाना बना सकते हैं।

Image

एयरस्ट्राइक में मारा गया ISIS का सीनियर लीडर अली हुसैन अल-उलैवी। AI IMAGE

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की सेना ने सीरिया में एक बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान चलाते हुए आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) को गहरा झटका दिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की है कि इस सटीक हवाई हमले में अली हुसैन अल-‘उलैवी (Ali Husayn al-‘Ulaywi) नाम का वरिष्ठ ISIS नेता मारा गया है। अल-उलैवी संगठन के बड़े ऑपरेशन्स और नेटवर्क को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। 19 जून को उत्तर-पश्चिम सीरिया में किए गए एक सटीक हवाई हमले में उसकी मौत हो गई।

सेंट्रल कमांड के अनुसार, यह कार्रवाई उन आतंकवादियों को खत्म करने के अमेरिकी प्रयासों का हिस्सा है जो विदेशों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों या सीधे अमेरिकी धरती को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं।

'ISIS के बचे-खुचे तत्वों को जड़ से उखाड़ फेकेंगे'

इस सफल ऑपरेशन के बाद CENTCOM के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने साफ किया कि अमेरिकी सेना अपने क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर ISIS के बचे-कुचे तत्वों को जड़ से उखाड़ फेंकने और उसकी स्थायी हार सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि अमेरिकी मातृभूमि और उसके सहयोगियों की रक्षा की जा सके। बता दें कि ISIS ने साल 2019 में सीरिया और इराक में अपने नियंत्रण वाले बड़े इलाकों (खिलाफत) को खो दिया था, लेकिन इसके छोटे-छोटे और सक्रिय सेल अभी भी सीरिया के सुदूर इलाकों में छिपे हुए हैं और गुरिल्ला हमलों को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। अमेरिकी सेना का यह ताजा हमला यह साफ करता है कि पेंटागन अभी भी सीरिया में ISIS के नेतृत्व को पूरी तरह खत्म करने के अभियान में मुस्तैद है।

होर्मुज में फंसे 11,000 नाविकों को निकालने के लिए UN का महाअभियान शुरू

इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के लिए हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद, संयुक्त राष्ट्र (UN) की वैश्विक समुद्री एजेंसी अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने होर्मुज जलडमरूमध्य में पिछले कई महीनों से फंसे 11,000 से अधिक नाविकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। यह जलमार्ग इस वर्ष फरवरी से अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण व्यावहारिक रूप से पूरी तरह बंद था, जिससे सैकड़ों मालवाहक और तेल टैंकर जहाज बीच समुद्र में ही फंस गए थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article