दुनिया

CM Yogi Japan Visit: टोक्यो में उमड़ा अपनापन, प्रवासी भारतीयों ने सीएम योगी का किया 'जोरदार स्वागत'-Video

UP CM Yogi in Japan: प्रवासी भारतीयों ने जिस गर्मजोशी और भावनात्मक जुड़ाव के साथ उनका स्वागत किया, वह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने देश-प्रदेश के प्रति गहरे लगाव का स्वाभाविक प्रदर्शन था।

Image

प्रवासी भारतीयों ने सीएम योगी का किया 'जोरदार स्वागत'

UP CM Yogi in Japan: टोक्यो में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भारतीय समुदाय के लोगों ने अत्यंत आत्मीयता के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रवासी भारतीयों के चेहरे खिल उठे। उनके आगमन पर टोक्यो एयरपोर्ट का पूरा वातावरण उत्साह, आत्मीयता और गर्वित भाव से भरा दिखाई दिया।

प्रवासी भारतीयों ने जिस गर्मजोशी और भावनात्मक जुड़ाव के साथ उनका स्वागत किया, वह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने देश-प्रदेश के प्रति गहरे लगाव का स्वाभाविक प्रदर्शन था। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही एयरपोर्ट के स्वागत स्थल पर पारंपरिक भारतीय परिधानों में सजे लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो चुके थे।

अधिसंख्य महिलाओं ने सलवार सूट या साड़ी पहनी थी, तो पुरुष कुर्ता-पायजामे में नजर आए। कई लोगों ने भगवा रंग के परिधान धारण कर अपने सांस्कृतिक जुड़ाव को अभिव्यक्त किया। एक बच्ची ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप मुख्यमंत्री के माथे पर तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।

सीएम योगी को अपने बीच पाकर प्रवासी भारतीयों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था। लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर लेने को आतुर दिखाई दिए। एक प्रवासी भारतीय ने मुख्यमंत्री को भारत-जापान के आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाता एक विशेष पोस्टर भेंट किया, जिसमें दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चिह्नों का उल्लेख था।

एक अन्य महिला ने मुख्यमंत्री को हस्तनिर्मित पेंटिंग उपहार स्वरूप भेंट की, जो भावनात्मक सम्मान का प्रतीक बन गई। टोक्यो आगमन पर यामानाशी प्रांत के वाइस गवर्नर जुनिचि इशिदरा ने भी मुख्यमंत्री की अगवानी की। यह स्वागत केवल एक शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि भारत व जापान के बीच मजबूत होते रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रमाण भी था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा दो देशों के आधिकारिक दौरे का हिस्सा है और जापान की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। कई प्रवासी भारतीयों के लिए यह क्षण इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने गृह प्रदेश के मुख्यमंत्री को वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते देखा।

प्रवासी समुदाय ने इस दौरे को उत्तर प्रदेश के विकास, निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं से जोड़कर देखा। उनके मन में यह विश्वास झलकता रहा कि यह यात्रा भारत व जापान के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article