शहर

जेवर एयरपोर्ट के पास बसेगी 'सिंगापुर सिटी'; CM योगी ने सिंगापुर के निवेशकों को दिया बड़ा ऑफर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान जेवर एयरपोर्ट के पास 'सिंगापुर सिटी' बसाने का प्रस्ताव रखा है। यूपी सरकार ने 6,650 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे NCR के विकास में काफी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Image

सिंगापुर में इन्वेस्ट यूपी मेगा रोड शो में मुख्यमंत्री योगी

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिंगापुर दौरा निवेश के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हुआ है। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश को 'परफॉर्मेंस की भूमि' बताते हुए निवेश की अपार संभावनाओं का रोडमैप पेश किया। इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा जेवर एयरपोर्ट के करीब प्रस्तावित 'सिंगापुर सिटी' को लेकर हो रही है, जो NCR क्षेत्र की सूरत बदल देगी।

जेवर एयरपोर्ट के पास बसेगी सिंगापुर सिटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित करने के लिए एक बड़ा प्रस्ताव रखा है। उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के नजदीक एक विशेष रूप से नियोजित 'सिंगापुर सिटी' विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसका उद्देश्य है कि सिंगापुर के जो निवेशक NCR में निवेश करना चाहते हैं, उन्हें वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स का लाभ मिले। इसको लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे इसके लिए खास भूमि आवंटित की गई है, जिससे एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और बिजनेस हब बनाना आसान होगा।

6,650 करोड़ रुपये के निवेश पर लगी मुहर

सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन यूपी सरकार को बड़ी कामयाबी मिली। यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने प्रदेश में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन एमओयू (MoU) साइन किए हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए रोजगार पैदा होंगे। जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ जमीन पर 3,500 करोड़ रुपये की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप बनेगी। ग्रुप हाउसिंग के अलावा लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर में भी भारी निवेश किया जाएगा। ये प्रोजेक्ट्स 2027 तक धरातल पर उतरने की उम्मीद है।

'ट्रिपल-एस' मॉडल: सुरक्षा, स्थिरता और गति

'इन्वेस्ट यूपी मेगा रोड शो' के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में उनका निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने यूपी के Triple-S (Safety, Stability, Speed) मॉडल को निवेश की सबसे बड़ी गारंटी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, "उत्तर प्रदेश अब केवल संभावनाओं की भूमि नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस की भूमि बन चुका है। हमने स्केल को स्किल और स्पीड के साथ जोड़कर दिखाया है।" उन्होंने विश्वास जताया कि अगले 3-4 वर्षों में यूपी 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगा।

टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान केवल टेक्नोलॉजी और भरोसे (Trust) तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 'ट्रांसफॉर्मेशन' (बदलाव) के नए युग में प्रवेश कर चुका है। सिंगापुर का हर इंडस्ट्री लीडर आज भारत के 'ड्रीम डेस्टिनेशन' के रूप में यूपी की भूमिका को समझ रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article