दुनिया

अलास्का में ट्रंप-पुतिन के बीच नहीं बनी बात तो जेलेंस्की कर रहे इस देश की यात्रा; सोमवार को होने वाला है कुछ बड़ा!

Russia-Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अलास्का में हुई मुलाकात के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सोमवार को वाशिंगटन की यात्रा करेंगे। जेलेंस्की ने कहा कि वह सोमवार को वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात की योजना बना रहे हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बाएं), यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (बीच), रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (दाएं) (फाइल फोटो: AP)

Photo : AP

Russia-Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच शनिवार को हुई शिखर वार्ता के बाद एक बड़ा अपडेट सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुतिन-ट्रंप मुलाकात के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सोमवार को वाशिंगटन की यात्रा करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, जेलेंस्की सोमवार को ट्रंप से मुलाकात कर सकते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि वह पुतिन और ट्रंप के बीच हुई शिखर वार्ता के बाद सोमवार को वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात की योजना बना रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि अलास्का में पुतिन और ट्रंप की मुलाकात के बाद शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनकी 'लंबी और सार्थक' बातचीत हुई। ट्रंप और पुतिन के बीच हुई बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई।

Trump Putin Meet

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फोटो साभार: AP)

बेनतीजा रही बातचीत

ट्रंप- पुतिन के बीच अलास्का में हुई बातचीत बेनतीजा रही और दोनों नेताओं के बीच कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। अलास्का में दोनों नेताओं के बीच बैठक के बाद पुतिन ने दावा किया था कि यूक्रेन को लेकर ‘सहमति’ बनी है। इसके साथ ही उन्होंने यूरोप को चेतावनी दी कि वह प्रगति में कोई बाधा नहीं डाले। पुतिन के दावे के बाद ट्रंप ने कहा था कि जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता तब तक कुछ भी पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता।

ट्रंप अभी तक नहीं रोक पाए लड़ाई

ट्रंप ने कहा था कि वह पुतिन और उनके बीच हुई बातचीत की जानकारी देने के लिए जेलेंस्की तथा यूरोपीय नेताओं को बुलाएंगे। ट्रंप अनेक बार यूक्रेन को अमेरिका का समर्थन मिलने पर ऐतराज जता चुके हैं और पुतिन की प्रशंसा कर चुके हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस में वापसी के पहले ही दिन पूरे विश्वास के साथ कहा था कि वह दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त कराएंगे। हालांकि, कार्यकाल के सात माह बीतने के बाद भी वह पुतिन को लड़ाई रोकने के लिए राजी नहीं कर पाए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article