बिजनेस

FSSAI की कार्रवाई पर Bisleri की सफाई, कहा- सिर्फ गोवा प्लांट के एक बैच पर लगी रोक, अफवाहों पर ध्यान ना दें

बिसलेरी ने कहा कि FSSAI ने गोवा प्लांट के सिर्फ एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई है। कंपनी के मुताबिक, विवादित बैच का स्टॉक बाजार में नहीं है और सभी 143 प्लांट चालू हैं।

Image

सिर्फ एक बैच पर लगी बिक्री की रोक/Photo- बिसलेरी

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर कंपनी ने सफाई दी है। बिसलेरी इंटरनेशनल ने मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गोवा प्लांट में तैयार किए गए सिर्फ एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई है। यह बैच सितंबर 2025 में बनाया गया था और इसका कोई स्टॉक फिलहाल बाजार में मौजूद नहीं है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि FSSAI ने उसके गोवा प्लांट का संचालन बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया है।

सिर्फ एक बैच पर लगी बिक्री की रोक

PTI/भाषा के मुताबिक बिसलेरी ने कहा है कि विवाद बैच नंबर GO 270 से जुड़ा है, जिसे 27 सितंबर 2025 को गोवा प्लांट में तैयार किया गया था। कंपनी हर साल 50 हजार से ज्यादा बैच तैयार करती है। ऐसे में बिक्री पर रोक सिर्फ इसी एक बैच तक सीमित है। कंपनी ने कहा कि FSSAI ने 23 नवंबर को स्पष्ट किया था कि दोबारा जांच में इस बैच के पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से कम पाई गई।

जांच में क्या सामने आया था?

FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को गोवा प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। बिसलेरी के अनुसार, शुरुआती जांच में सभी छह सैंपल पास हुए थे। हालांकि, बाद की जांच में एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

कंपनी की अपील के बाद सैंपल रेफरल लैब भेजा गया। वहां दोबारा जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन एक सैंपल में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर PAH की मौजूदगी दर्ज की गई। बिसलेरी ने जांच के नतीजों में अंतर बताते हुए फरवरी 2026 में PAH की दोबारा जांच की मांग की थी।

FSSAI ने दी थी कार्रवाई की मंजूरी

इससे पहले FSSAI ने कहा था कि लैब जांच में तय मानकों का उल्लंघन मिलने के बाद कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी दी गई है। नियामक के अनुसार, बिक्री पर रोक सिर्फ बैच GO 270 पर लागू है और कंपनी को मामले की मूल वजह का विश्लेषण करने के लिए कहा गया है।

बिसलेरी ने कहा है कि उसके सभी 143 प्लांट चालू हैं और नियामकीय मानकों का पालन कर रहे हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article