Air Canada Flight Cancelled: एयर कनाडा ने अपनी विमान परिचारिकाओं के संभावित कार्य बहिष्कार के मद्देनजर गुरुवार से उड़ानें रद्द करना शुरू कर दीं, जिससे लाखों यात्री के प्रभावित होने की आशंका है। एयर कनाडा देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी है। इसका परिचालन ठप पड़ने से रोजाना औसतन 1.30 लाख यात्रियों पर असर पड़ने की आशंका है।
क्या है पूरा मामला?
एयर कनाडा की 10,000 विमान परिचारिकाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले यूनियन ने बुधवार को 72 घंटे की हड़ताल का नोटिस जारी किया। जवाब में, विमानन कंपनी ने भी उन्हें काम पर नहीं लौटने देने का नोटिस जारी कर दिया। एयर कनाडा के मुख्य परिचालन अधिकारी मार्क नासर ने कहा कि विमानन कंपनी ने एयर कनाडा और एयर कनाडा रूज की उड़ानों को धीरे-धीरे स्थगित करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “शनिवार सुबह तक सभी उड़ानें रोक दी जाएंगी।”
लाखभर से ज्यादा यात्री होंगे प्रभावित
नासर ने कहा कि उड़ानें रद्द होने की वजह से लाखभर से ज्यादा यात्री प्रभावित होंगे। शनिवार सुबह एक बजे तक हमारी उड़ानें पूरी तरह से बंद हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि उड़ानों के बंद होने से प्रतिदिन विदेश में 25,000 कनाडाई नागरिक प्रभावित होंगे, जो फंस सकते हैं। बकौल नासर, शुक्रवार तक 500 उड़ानें रद्द हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द होंगी, उन्हें पूरा रिफंड मिलेगा। साथ ही, कंपनी ने अन्य कनाडाई और विदेशी एयरलाइन कंपनियों के साथ 'जहां तक मुमकिन हो सके' वैकल्पिक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है।
