F-35 Stealth Fighter Jet: भारत के बाद अब जापान में रविवार को एक ब्रिटिश F-35 स्टील्थ फाइटर जेट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, एक ब्रिटिश F-35 स्टील्थ फाइटर जेट की रविवार को दक्षिण-पश्चिमी जापान स्थित कागोशिमा एयरपोर्ट पर खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह लगभग 11:30 बजे हुई इस घटना के बाद लगभग 20 मिनट के लिए रनवे बंद रहने से एयरपोर्ट पर कुछ वाणिज्यिक उड़ानों का आगमन और प्रस्थान प्रभावित हुआ। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जापान में 4 अगस्त से ब्रिटेन, अमेरिका सहित कई देशों का संयुक्त युध्याभ्यास चल रहा है, जो अगले मंगलवार तक जारी रहेगा। इसी दौरान एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
भारत में हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले, जुलाई में एक ब्रिटिश एफ-35बी फाइटर जेट की हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी आने की वजह से तिरुवनंतपुरम में इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। ब्रिटिश नौसेना का यह विमान, ब्रिटिश नौसेना के विमानवाहक पोत एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स का एक हिस्सा है। लड़ाकू विमान अपनी नियमित उड़ान पर था तभी अचानक उसमें खराबी आ गई और उसकी जहाज पर लैंडिंग नहीं हो पाई। इसके बाद विमान तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर पहुंचा, जिसे आपातकालीन रिकवरी हवाई क्षेत्र के रूप में नामित किया गया था और उसने इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी।
IAF ने ब्रिटिश जेट की हर मदद की
भारतीय वायु सेना ने ईंधन भरने सहित सभी आवश्यक सहायता प्रदान की और इस प्रक्रिया में सहायता की। ब्रिटिश नौसेना का F-35 फाइटर जेट हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के कारण एक महीने से अधिक समय तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहने के बाद आखिरकार 22 जुलाई को तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भर सका। ब्रिटिश उच्चायोग के एक प्रवक्ता ने ब्रिटिश F-35B विमान की मरम्मत और रिकवरी प्रक्रिया में दिए गए सहयोग के लिए भारतीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया था।
