किसी के दिल तक पहुंचने का रास्ता पेट से होकर जाता है, यह बात आपने कई बार सुनी होगी। लेकिन जब कोई व्यस्त अधिकारी अपने परिवार के लिए खुद किचन में समय बिताए, तो यह बात थोड़ी खास हो जाती है। IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा भी कुछ ऐसा ही करते हैं। ऑफिशियल जिम्मेदारियों के बीच उन्हें घर पर अपने परिवार के लिए खाना बनाना पसंद है। उनकी पत्नी श्रद्धा जोशी शर्मा IRS अधिकारी हैं और दोनों अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के साथ परिवार के लिए भी समय निकालते हैं। मनोज शर्मा सिर्फ खाने के शौकीन नहीं हैं, बल्कि अपने हाथों से अलग-अलग व्यंजन तैयार करना भी पसंद करते हैं। उनके किचन मेन्यू में बूंदी का रायता, दूध वाली पनीर की सब्जी और पुलाव जैसी चीजें शामिल हैं।
बूंदी का रायता बनाना है पसंद
भारतीय खाने में रायते की अपनी अलग जगह होती है। दाल, चावल या पुलाव के साथ ठंडा-ठंडा बूंदी रायता मिल जाए, तो खाने का स्वाद और बढ़ जाता है। मनोज शर्मा भी अपने परिवार के लिए बूंदी का रायता बनाते हैं। दही में बूंदी, थोड़ा नमक और भुना जीरा मिलाकर तैयार किया गया यह रायता साधारण खाने को भी खास बना सकता है। गर्मियों में तो यह खाने के साथ और भी अच्छा लगता है।
दूध वाली पनीर की सब्जी है उनके मेन्यू का हिस्सा
पनीर की सब्जी तो आपने कई तरह की खाई होगी, लेकिन दूध वाली पनीर की सब्जी का स्वाद थोड़ा अलग होता है। मनोज शर्मा के पसंदीदा व्यंजनों में यह सब्जी भी शामिल है। इसमें ग्रेवी तैयार करने के लिए दूध का इस्तेमाल किया जाता है। पनीर की नरम बनावट और मसालों का स्वाद इसे खास बनाते हैं। इसे गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है।
पुलाव भी बनाते हैं IPS मनोज शर्मा
पुलाव ऐसा व्यंजन है, जिसे कम मेहनत में स्वादिष्ट तरीके से तैयार किया जा सकता है। चावल, सब्जियों और खुशबूदार मसालों से बनने वाला पुलाव परिवार के साथ खाने के लिए अच्छा विकल्प है। मनोज शर्मा भी अपने घर के मेन्यू में इसे शामिल करते हैं। बूंदी के रायते के साथ पुलाव का कॉम्बिनेशन खाने को और स्वादिष्ट बना देता है।
ऐसी रोटी बनाते हैं
IPS मनोज शर्मा बताते हैं कि, उनके हाथों से कभी मोटी तो कभी थोड़ी जली हुई रोटी भी बन जाती है। हालांकि, घर में खाना बनाने का असली मजा भी इसी में है। हर बार खाना किसी रेस्टोरेंट जैसा बने, यह जरूरी नहीं है। कभी-कभी परिवार के लिए बनाई गई साधारण रोटी भी खास बन जाती है।
IPS मनोज शर्मा और उनकी पत्नी IRS श्रद्धा जोशी दोनों ही अपने-अपने काम में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में घर पर साथ समय बिताना और परिवार के लिए कुछ बनाना रिश्तों में अपनापन बनाए रखने का अच्छा तरीका है। खाना बनाना सिर्फ रसोई का काम नहीं, बल्कि अपनों के लिए समय निकालने और उनके साथ खुशियां बांटने का एक जरिया भी है।
