दोहा में वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी का शोर भले ही इंडिया ए की जीत के साथ थम गया, लेकिन इसकी गूंज समस्तीपुर बिहार तक अब भी सुनी जा सकती है। इंडिया ए ने वैभव की इस विस्फोटक पारी के दम पर 250 रन का लक्ष्य केवल 14.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव 53 गेंद में 204 रन बनाकर आउट हुए और इंडिया ए को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। उधर वैभव ने यूएई के खिलाफ लिस्ट ए करियर का सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर इंडिया ए को रिकॉर्ड जीत दिलाई और इधर समस्तीपुर बिहार में उनके घर पर लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा। परिवार वालों ने इस खास लम्हे को पटाखों की धूम के साथ सेलिब्रेट किया।
वैभव के परिवार में जश्न का माहौल
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है, लेकिन उनके परिवार वालों ने इसे और भी खास बना दिया। वैभव के बड़े भाई ने इस खास मौके को सेलिब्रेट करते हुए पटाखों से पूरे आसमान का जगमगा दिया। इस वीडियो में परिवार वालों का उत्साह साफ देखा जा सकता है। वैभव के बड़े भाई उज्जवल सूर्यवंशी इस वीडियो में जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में क्या बच्चे क्या बूढ़े सब एक ही रंग में नजर आ रहे हैं।
वैभव ने एक पारी से तोड़े कई रिकॉर्ड
वैभव ने 53 गेंद में 204 रन की अपनी इस पारी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। 28 छक्के और 7 चौके की मदद से दोहरा शतक जड़ने वाले वैभव ने लिस्ट ए में सबसे तेज डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके अलावा उन्होंने सबसे तेज लिस्ट ए शतक, सबसे तेज लिस्ट ए 150 रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वैभव ने 40 गेंद में 150 जबकि केवल 28 गेंद में शतक जड़कर ऑस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
