दुनिया

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर सोमवार को दे सकते हैं इस्तीफा; बर्नहैम या स्ट्रीटिंग... कौन होगा अगला पीएम?

Britain Political Crisis: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सोमवार को अपने पद से इस्तीफे दे सकते हैं। हाल की महीनों में स्टार्मर को लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष का सामना करना पड़ रहा है।

Image

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर

Photo : AP

Britain Political Crisis: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सोमवार को अपने पद से इस्तीफे दे सकते हैं। ब्रिटेन के प्रसिद्ध अखबार द ऑब्जर्वर ने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी। जिसके बाद वहां राजनीतिक संकट गहराने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सरकारी सूत्रों ने दावा किया कि स्टार्मर का पूरा ध्यान फिलहाल सरकार चलाने की जिम्मेदारियों पर केंद्रित हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से स्टार्मर के खिलाफ लेबर पार्टी में लगातार दबाव बढ़ रहा है। शुक्रवार को उनके प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम ने उपचुनाव जीत लिया और इसी के साथ ही बर्नहैम संसद सदस्य बन गए। इसी के साथ ही बर्नहैम के लिए स्टार्मर के खिलाफ औपचारिक चुनौती पेश करने का रास्ता साफ हो गया।

ब्रिटेन के लिए सोमवार का दिन अहम

द ऑब्जर्वर के मुताबिक, स्टार्मर ने अंतिम फैसला लेने से पहले अपने आधिकारिक ग्रामीण आवास चेकर्स में अपनी पत्नी के साथ चर्चा की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उम्मीद है कि वह सोमवार को अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई बड़ा बयान दे सकते हैं।

हालांकि, सरकारी सूत्रों ने दोहराया कि प्रधानमंत्री अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्टार्मर के शुक्रवार के बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह नेतृत्व को लेकर किसी भी चुनौती का सामना करेंगे और लेबर पार्टी से आंतरिक कलह से बचने की अपील की थी।

लेबर पार्टी में बढ़ा असंतोष

सनद रहे कि 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाने के बावजूद स्टार्मर को हाल के महीनों में पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष का सामना करना पड़ रहा है। कई विवादों और नीतिगत यू-टर्न के कारण उनकी सरकार की लोकप्रियता प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

बकौल रिपोर्ट, लेबर पार्टी के 100 से ज्यादा सांसद सार्वजनिक रूप से स्टार्मर से इस्तीफा देने या पद छोड़ने की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग कर चुके हैं। इस बीच, लेबर पार्टी के भीतर बर्नहैम को स्टार्मर का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है। ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि बर्नहैम या तो आपसी सहमति से सत्ता परिवर्तन या फिर नेतृत्व को चुनौती देते हुए पार्टी की कमान संभाल सकते हैं।

बर्नहैम ने जीता उपचुनाव

हाल ही में बर्नहैम ने उपचुनाव में निगेल फराज की दक्षिणपंथी पार्टी 'रिफॉर्म यूके' के उम्मीदवार को हराया था। हालांकि, बर्नहैम का अगला प्रधानमंत्री बनना इतना भी आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि स्टार्मर के संभावित उत्तराधिकारियों में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग भी शामिल हैं। उन्होंने ऐसे संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर वह पार्टी नेतृत्व की दौड़ में उतर सकते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article