दुनिया

भारत समेत 16 देशों पर फिर 'टैरिफ बम' फोड़ने की तैयारी में ट्रंप, क्या है अमेरिका का आरोप?

अमेरिका भारत, चीन समेत 16 देशों और अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले सामान पर आयात शुल्क (Tariff) बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि इन देशों में उद्योगों को मिलने वाली सरकारी सब्सिडी से जरूरत से ज्यादा उत्पादन हो रहा है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है।

Image

अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट में खुलासा- भारत और चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका। PTI

Photo : PTI

US Tariffs: अमेरिका एक बार फिर भारत सहित कई देशों पर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी कर रही है। अमेरिकी अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका, भारत, चीन समेत 16 देशों और अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले सामान पर आयात शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसकी वजह इन देशों की औद्योगिक सब्सिडी बताई जा रही है।

अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि सरकारों की ओर से घरेलू कंपनियों को दी जा रही आर्थिक मदद के कारण बाजार में जरूरत से ज्यादा उत्पादन हो रहा है, जिससे अमेरिकी निर्माताओं को नुकसान पहुंच रहा है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमीसन ग्रीर इस सप्ताह जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। हालांकि, घोषणा की तारीख में बदलाव भी संभव है।

भारत, चीन समेत 16 देशों पर अमेरिका की नजर

अमेरिका की जांच में भारत, चीन, यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, सिंगापुर, बांग्लादेश और कंबोडिया शामिल हैं। यह जांच मार्च 2026 में शुरू की गई थी।

अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि इन देशों में सरकारों की ओर से उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी और आर्थिक सहायता के कारण कंपनियां कम कीमत पर सामान तैयार कर रही हैं। इससे वैश्विक बाजार में सस्ते उत्पादों की भरमार हो रही है और अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो रहा है।

कितनी बढ़ सकती है टैरिफ की दर?

फिलहाल अमेरिका ने नए टैरिफ की दरों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन 2025 में घोषित टैरिफ के समान शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देश, जिनके साथ अमेरिका ने व्यापार समझौते किए हैं, उन पर कुल टैरिफ 15 फीसदी या उससे कम रह सकता है।

भारत और वियतनाम पर लग सकती है ज्यादा टैरिफ: रिपोर्ट

वहीं, भारत और वियतनाम पर अपेक्षाकृत ज्यादा टैरिफ लगाए जाने की आशंका है। चीन को लेकर अमेरिकी प्रशासन का रुख सबसे सख्त बताया जा रहा है। अमेरिका का मानना है कि चीन में औद्योगिक सब्सिडी का दायरा काफी बड़ा है और इससे वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, नए शुल्क ज्यादातर उत्पादों पर लागू हो सकते हैं। हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे छूट मिल सकती है, क्योंकि इन पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अलग प्रावधानों के तहत पहले से टैरिफ लागू हैं।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या होगा असर?

बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। ऐसे में नए टैरिफ की आशंका दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों और समझौते की शर्तों पर असर डाल सकती है। अमेरिका नए शुल्कों को पहले से लागू टैरिफ के ऊपर भी लगा सकता है। जुलाई में जबरन मजदूरी से जुड़े नियमों के तहत 60 अर्थव्यवस्थाओं पर 10 से 12.5 फीसदी तक शुल्क लगाने की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, इस कदम को कानूनी चुनौती भी मिली है।

बता दें कि चीन के मामले में अमेरिका की चिंता सिर्फ घरेलू सब्सिडी तक सीमित नहीं है। अमेरिकी प्रशासन को आशंका है कि चीनी कंपनियां दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में निवेश करके वहां सामान तैयार कर रही हैं, ताकि अमेरिकी बाजार में टैरिफ से बचा जा सके।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article