Trump-Putin Talk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को उन्हें फोन पर बताया कि वह यूक्रेन द्वारा रूसी हवाई अड्डों पर सप्ताहांत में किए गए ड्रोन हमले का जवाब देंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि यह एक अच्छी बातचीत थी, लेकिन ऐसी बातचीत नहीं जो तुरंत शांति की ओर ले जाए। एक घंटे 15 मिनट तक चली यह बातचीत ट्रंप और पुतिन के बीच 19 मई के बाद पहली बार हुई। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने और पुतिन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा की।
ट्रंप पूरी तरह हुए नाकाम
बता दें कि ट्रंप ने चुनाव जीतने से पहले ही दावा किया था कि वह सरकार बनाने के तुरंत बाद रूस-यूक्रेन युद्ध रोक देंगे। लेकिन उनकी अब तक की कोशिशें पूरी तरह नाकाम रही हैं। रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत तो हुई है, लेकिन युद्धविराम पर कोई प्रगति नहीं हुई। इसके उलट दोनों देशों के बीच युद्ध और तेज हो गया है। रूस लगातार यूक्रेन पर हमले बढ़ा रहा है और इसमें कई लोगों की मौत हुई है। वहीं, यूक्रेन ने रूसी वायुसेना अड्डों पर बड़ा ड्रोन हमला कर बता दिया कि उसकी ताकत कम नहीं हुई है।
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी तबाही
सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वी साइबेरिया स्थित उस रूसी वायुसेना के अड्डे पर सात बमवर्षक विमानों को क्षतिग्रस्त स्थिति में देखा जा सकता है, जिसके बारे में यूक्रेन ने दावा किया था कि उसके ड्रोन हमले में इस अड्डे को भी निशाना बनाया गया था। यूक्रेन ने दावा किया है कि रविवार के ड्रोन हमले में 41 रूसी युद्धक विमान नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हो गए थे। इन विमानों में बमवर्षक और अन्य प्रकार के लड़ाकू विमान शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की योजना लगभग डेढ़ साल से अधिक समय से बनाई जा रही थी। प्लैनेट लैब्स पीबीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई सैटेलाइट तस्वीरों में बेलाया वायु सेना अड्डे पर विमान का मलबा और जला हुआ क्षेत्र देखा जा सकता है। तस्वीरों में कम से कम तीन ‘टीयू-95 बमवर्षक’ और चार ‘टीयू-22एम बमवर्षक’ नष्ट हुए दिखाई दे रहे हैं। विमान घास के मैदान से घिरे रनवे के पास खड़े थे। हालांकि, अड्डे पर मौजूद अन्य विमान सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं।
रूसी हमले में 4 की मौत
वहीं, रूस ने मंगलवार को यूक्रेन के शहर सुमी को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह इस बात को रेखांकित करता है कि मॉस्को का तीन साल से जारी युद्ध को रोकने का कोई इरादा नहीं है। यह हमला इस्तांबुल में सीधी शांति वार्ता के एक दिन बाद हुआ, जिसमें युद्ध को समाप्त करने के लिए कोई प्रगति नहीं हुई। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि रॉकेटों की बौछार ने सुमी के केंद्र में अपार्टमेंट इमारतों और एक चिकित्सा सुविधा को निशाना बनाया। इस बीच, यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने कहा कि उसने रूस के अंदर फिर से हमला किया है। इसके दो दिन पहले यूक्रेन ने ड्रोन के जरिए रूस के अंदर घुसकर उसके हवाई अड्डों पर भीषण हमला किया था जिसमें कई विमान नष्ट हो गए थे।
