US Iran War: एक तरफ जहां अमेरिका- ईरान युद्ध को खत्म करने को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप की बेताबी बढ़ती जा रही है। वहीं, दूसरी ओर ईरान का कहना है कि वो अपनी मर्जी से इस युद्ध का अंत करेगा। इसी बीच ट्रंप लगातार इस बात का दावा करते आ रहे हैं कि ईरान, अमेरिका के साथ डील करने को बेताब है।
अमेरिका युद्ध में एक और जीत की ओर बढ़ रहा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब तक 8 युद्ध सुलझा चुका है और एक और युद्ध में जीत की ओर बढ़ रहा है। ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा कि वह समझौता करना चाहता है, लेकिन खुलकर कहने से डर रहा है। उनके मुताबिक, 'ईरान डील करना चाहता है, लेकिन उन्हें डर है कि उनके अपने लोग उन्हें मार देंगे या हम उन्हें मार देंगे।'
उन्होंने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका जो कर रहा है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। ट्रंप के अनुसार, ईरान के नेतृत्व में भी इस समय दबाव की स्थिति है और वहां के हालात बेहद अस्थिर हैं।
ईरान में कोई सुप्रीम लीडर नहीं बनना चाहता: ट्रंप
वहीं, उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में ईरान में कोई भी सर्वोच्च पद संभालना नहीं चाहता यानी कोई सुप्रीम लीडर नहीं बनना चाहता क्योंकि नेताओं को अपनी जान का खतरा बना हुआ है।
ट्रंप ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि ईरान के नेता बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन खुलकर सामने आने से डर रहे हैं। उनके अनुसार, उन्हें डर है कि अगर वे समझौते की बात करेंगे तो या तो अपने ही लोग उन्हें मार देंगे या फिर अमेरिका उन्हें निशाना बना सकता है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान में ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई देश का प्रमुख बनने से इतना डरे। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका कई युद्धों को खत्म कर चुका है और अब ईरान के मामले में भी सफलता की ओर बढ़ रहा है। गौरतलब है कि हाल के महीनों में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। सैन्य कार्रवाई, हमलों और शीर्ष नेताओं की मौत के बाद ईरान की राजनीतिक स्थिति काफी अस्थिर बनी हुई है, जिससे सत्ता को लेकर अनिश्चितता और डर का माहौल है।
