रुबियो की लावरोव से बातचीत के बाद बुडापेस्ट में प्रस्तावित ट्रंप-पुतिन शिखर सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यूक्रेन में युद्ध के समाधान पर चर्चा के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की योजना स्थगित कर दी गई है।इस बैठक की घोषणा पिछले सप्ताह की गई थी।
यह बुडापेस्ट में होनी थी, हालाँकि इसकी तारीख तय नहीं की गई थी।यह निर्णय अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया।
अधिकारी ने नाम न छापने का अनुरोध किया क्योंकि उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलने का अधिकार नहीं था। ट्रंप की योजनाओं पर यह बहस, लगभग चार वर्षों से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के उनके लड़खड़ाते प्रयासों के कारण उत्पन्न हुई नवीनतम प्रतिक्रिया है।
ट्रंप ने चिनफिंग के साथ आगामी बैठक में ‘शानदार समझौते' की उम्मीद जताई
वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर वह दक्षिण कोरिया में आयोजित हो रहे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति से मिलेंगे तो उनके बीच एक ‘‘शानदार समझौता’’ होने की उम्मीद है।ट्रंप ने कहा कि चीन, अमेरिका का 'बहुत सम्मान' करता है और जब वह चिनफिंग से मिलेंगे तो एक 'शानदार समझौता' होने की उम्मीद है।'
अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी बीजिंग द्वारा स्मार्टफोन, लड़ाकू विमानों, इलेक्ट्रिक वाहनों आदि में इस्तेमाल होने वाले दुर्लभ मृदा उत्पादों पर निर्यात पर नियंत्रण बढ़ाने को लेकर उनकी नाराजगी के बाद आई है।ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मेजबानी के दौरान यह बात कही। अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया के साथ दुर्लभ मृदा के क्षेत्र में समझौता किया है और अमेरिकी सहयोगी के साथ इस समझौते से उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण में चीन के एकाधिकार के खत्म होने की संभावना जताई है। ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम चीन के साथ एक शानदार समझौता करने वाले हैं। यह एक बेहतरीन व्यापार समझौता होगा। यह दोनों देशों के लिए और यह पूरी दुनिया के लिए शानदार होगा।'
