दुनिया

'भारत-US रिश्ते के बारे में 'बहुत ही संजीदा' हैं ट्रंप', आपसी रिश्ते में पुरानी रवानगी लाने के लिए व्हाइट हाउस का बड़ा बयान

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मंगलवार (स्थायी समयानुसार) को कहा कि 'अमेरिकी राष्ट्रपति बहुत ही सकारात्मक हैं और भारत-अमेरिकी रिश्ते पर बहुत ही संजीदा हैं। कुछ सप्ताह पहले व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उन्होंने जब दिवाली मनाई तो उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की।

Image

भारत के साथ रिश्ते पर अमेरिका का बड़ा बयान। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

India-US Relation: बढ़े हुए टैरिफ की वजह से भारत के साथ अपने रिश्ते में आई नरमी को अमेरिका फिर से पुरानी स्थिति में ले जाना चाहता है। इस दिशा में व्हाइट हाउस की ओर से बयान जारी किया गया है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति प्रतिबद्ध हैं। यह ऐसी भागीदारी है जिसके बारे में ट्रंप 'बहुत ही संजीदा' हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मंगलवार (स्थायी समयानुसार) को कहा कि 'अमेरिकी राष्ट्रपति बहुत ही सकारात्मक हैं और भारत-अमेरिकी रिश्ते पर बहुत ही संजीदा हैं। कुछ सप्ताह पहले व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उन्होंने जब दिवाली मनाई तो उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। इस समारोह में भारत-अमेरिका के कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।'

पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं राष्ट्रपति ट्रंप-व्हाइट हाउस

भारत-अमेरिका संबंधों की स्थिति के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर लेविट ने कहा कि 'मुझे पता है कि राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बहुत सम्मान है, और वे एक-दूसरे से काफी बार बातचीत करते हैं।' लेविट ने कहा कि दोनों देश व्यापार और आर्थिक सहयोग पर बहुत गंभीर चर्चा में बने हुए हैं, यह संकेत है कि दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है। लेविट ने बताया कि हाल ही में दिवाली के मौके पर ट्रम्प ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मोदी से बात की, जहां राष्ट्रपति के साथ वरिष्ठ भारतीय-अमेरिकी अधिकारी भी मौजूद थे।

दोनों देशों के रिश्ते फिर से सामान्य होने के संकेत

उन्होंने कहा कि 'राष्ट्रपति का रवैया सकारात्मक है और वे भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बहुत दृढ़ भावना रखते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि वाशिंगटन के भारत में राजदूत सर्जियो गोर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पिछले सप्ताह दक्षिण कोरिया में ट्रम्प ने कहा था कि वे भारत के साथ एक नया व्यापार समझौता करना चाहते हैं, जो इस बात का संकेत है कि दोनों देशों के रिश्ते फिर से सामान्य हो रहे हैं। यह संबंध पिछले कुछ दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए थे, जब वाशिंगटन ने भारत से आने वाले आयात पर शुल्क दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिया था।

भारतीय रिफाइनरियों ने रूस से तेल आयात कम किया

अमेरिका ने पहली बार 30 जुलाई को भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था, और एक सप्ताह बाद 25 प्रतिशत और बढ़ा दिया था, यह कहते हुए कि नई दिल्ली रूसी तेल की खरीद जारी रखे हुए है। मॉस्को की प्रमुख तेल निर्यातक कंपनियों रोसनेफ्ट और लुकोइल पर अमेरिका के नए प्रतिबंधों के बाद, भारतीय रिफाइनरियों ने रूसी तेल का आयात कम कर दिया है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article