स्पोर्ट्स

Asian Games: कबड्डी में भारत का दबदबा, चीनी ताइपे को रौंदकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

Asian Games 2026: मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पकड़ बना ली। पहले हाफ में अर्जुन देशवाल के शानदार रेड की बदौलत भारत ने 17-7 की बढ़त बनाई और हाफ टाइम तक स्कोर 23-11 कर दिया। दूसरे हाफ में भी चीनी ताइपे की टीम भारतीय डिफेंस के सामने बेबस नजर आई और भारत ने दूसरा हाफ 14-10 से जीतकर मैच 37-21 से अपने नाम कर लिया।

Image

एशियन गेम्स में कबड्डी के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत (फोटो साभार- @Media_SAI)

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में गत चैंपियन भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने दबदबे को बरकरार रखा है। भारत ने ग्रुप-A के अपने आखिरी मैच में चीनी ताइपे को 37-21 से एकतरफा अंदाज में हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है और अपना कांस्य पदक पक्का कर लिया है। यह ग्रुप चरण में भारत की लगातार चौथी जीत है। टीम इंडिया ने इस मैच से पहले जापान को 49-24, दक्षिण कोरिया को 63-31 और बांग्लादेश को 48-25 से हराया था। इस तरह भारत ने ग्रुप में अजेय रहते हुए टॉप पर फिनिश किया।

चीनी ताइपे को 37-21 से दी मात

गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पकड़ बना ली। पहले हाफ में अर्जुन देशवाल के शानदार रेड की बदौलत भारत ने 17-7 की बढ़त बनाई और हाफ टाइम तक स्कोर 23-11 कर दिया। दूसरे हाफ में भी चीनी ताइपे की टीम भारतीय डिफेंस के सामने बेबस नजर आई और भारत ने दूसरा हाफ 14-10 से जीतकर मैच 37-21 से अपने नाम कर लिया। भारत ने इस मैच में रेड से 28 अंक, 3 बोनस और 2 ऑलआउट से 6 अंक बटोरे।

9 में से 8 बार भारत ने जीता गोल्ड

कबड्डी में भारत का रिकॉर्ड सबसे शानदार है। 1990 में जब से कबड्डी को एशियन गेम्स में शामिल किया गया है, भारतीय पुरुष टीम ने 9 में से 8 बार गोल्ड जीता है। सिर्फ 2018 जकार्ता में टीम को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा था। हांगझोऊ 2022 में भारत ने ईरान को 33-29 से हराकर गोल्ड जीता था। अब टीम फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर है। दूसरी तरफ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। उसने बांग्लादेश के बाद ईरान को 37-23 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। उसका अगला मुकाबला मेजबान जापान से होगा।

भारत ने आज जीते दो और मेडल

गौरतलब है कि आज भारत को एशियन गेम्स में दो और मेडल मिले। वुशू में रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा सांडा में लगातार दूसरा सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू ने 2-0 से हराया। रोशिबिना ने सेमीफाइनल में वियतनाम की वर्ल्ड चैंपियन को हराया था। वहीं रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने पुरुष डबल स्कल्स में 6:13.25 का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। हालांकि सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार चौथे स्थान पर रहकर मेडल से चूक गए। इन दो मेडल के साथ भारत के कुल मेडल अब 14 हो गए हैं - 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article