Trump Approval Rating: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में लगातार आ रही गिरावट ने सियासी भूचाल खड़ा कर दिया है। हालिया सर्वे में सामने आया है कि बढ़ती महंगाई और ईरान के साथ जारी संघर्ष ने जनता की चिंताएं बढ़ा दी हैं। बड़ी तादाद में लोग ट्रंप सरकार के आर्थिक प्रबंधन और विदेश नीति से असंतुष्ट नजर आ रहे हैं।
ट्रंप की लोकप्रियता हो रही कम
एनबीसी न्यूज डिसीजन डेस्क के सर्वे के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कामकाज से महज 37 फीसदी लोग ही संतुष्ट हैं, जबकि 67 फीसदी लोग असंतुष्ट हैं। इसे ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के सबसे आंकड़े के तौर पर देखा जा रहा है। सर्वे के नतीजे इस बात की ओर इशारा करते हैं कि आगामी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के सामने चुनौतियां बढ़ सकती हैं। खासकर तब, जब ट्रंप ने 2024 के चुनाव में महंगाई पर काबू पाने और विदेशी संघर्षों से दूर रहने का वादा किया था।
सरकार से नाखुश अमेरिकी
सर्वे में सामने आया कि दो-तिहाई अमेरिकी ट्रंप सरकार के महंगाई और ईरान युद्ध को संभालने के तरीकों से भी नाखुश हैं। हालांकि, ट्रंप की पार्टी यानी रिपब्लिकन समर्थन अभी भी उनके साथ डटे नजर आ रहे हैं। सर्वे के ताजा आंकड़े बताते हैं कि 83 फीसदी रिपब्लिकन ने ट्रंप का सकारात्मक रेटिंग दी, जो पहले की तुलना में थोड़ी कम है।
सबसे बड़ा मुद्दा क्या?
सर्वे में दो-तिहाई अमेरिकियों का मानना है कि देश गलत दिशा में बढ़ रहा है, जबकि एक-तिहाई लोग कहते हैं कि देश एकदम सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालांकि, अमेरिकी महंगाई की मार झेल रहे हैं और अर्थव्यवस्था को सबसे बड़ा मुद्दा समझते हैं। 29 फीसदी लोगों ने अर्थव्यवस्था, 24 फीसदी ने लोकतांत्रिक खतरों, 12 फीसदी ने स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को, जबकि 10 फीसदी ने अपराध और सुरक्षा को सबसे अहम मुद्दा बताया।
