Trum Tariff: अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तमाम देशों पर लगाए गए टैरिफ को गैर-कानूनी घोषित कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से ट्रंप को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह देशों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत और टैरिफ लगाएंगे। इस बीच, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने केवल इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पॉवर्स एक्ट (IEEPA) के इस्तेमाल पर रोक लगाई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसी कानूनी प्रावधान के जरिए देशों पर टैरिफ लगाया है। बेसेंट ने कहा कि देशों पर टैरिफ लगाने के लिए ट्रंप प्रशासन अब 'अन्य कानूनी विकल्पों' का इस्तेमाल करेगा। इससे टैरिफ लगाने से जो राजस्व की प्राप्ति हुई है, उसमें कोई अंतर नहीं आएगा।
डलास इकोनॉमिक क्लब में बेसेंट ने कहा...
डलास इकोनॉमिक क्लब में बेसेंट ने कहा कि 'सुप्रीम कोर्ट का फैसला क्या है और क्या नहीं है, इस बारे में हमें स्पष्ट हो जाना चाहिए। डेमोक्रेट्स की गुमराह करने वाली बातों, आधी-अधूरी जानकारी रखने वाले मीडिया और वे लोग जिन्होंने हमारे उद्योग को चौपट कर दिया, इनके बावजूद कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ के खिलाफ फैसला नहीं सुनाया है। छह जजों ने मात्र इतना कहा है कि एक डॉलर का राजस्व जुटाने के लिए भी IEEPA का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।'
'बेहद निराशाजनक' है कोर्ट कै फैसला-ट्रंप
ट्रंप ने उच्चतम न्यायालय के फैसले के कुछ ही घंटों बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मैंने जिन आठ युद्धों को समाप्त कराया, उनमें से पांच को समाप्त करने के लिए भी टैरिफ का इस्तेमाल किया गया। मैंने आठ युद्धों का निपटारा किया, चाहे आपको पसंद हो या न हो, जिनमें भारत, पाकिस्तान (का संघर्ष), बड़े युद्ध, या परमाणु युद्ध की आशंका वाले युद्ध शामिल हैं।' भारत ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष रुकने में किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है। ट्रंप ने कहा कि टैरिफ पर उच्चतम न्यायालय का फैसला 'बेहद निराशाजनक' है और 'मुझे अदालत के कुछ सदस्यों पर शर्म आती है, बिल्कुल शर्म आती है कि उनमें हमारे देश के लिए सही काम करने का साहस नहीं है।'
देशों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ लगाऊंगा-ट्रंप
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर ट्रंप ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि टैरिफ को लेकर हमारे पास और भी विकल्प हैं। सु्प्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर डेमोक्रेट्स खुश हैं। कोर्ट से इस तरह के फैसले की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को शर्मनाक बताया है। ट्रंप ने कहा कि वह देशों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे।
