मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास थाई झंडे वाले एक कार्गो शिप पर हमला हुआ है। थाई मीडिया का कहना है कि इस हमले में शिप डैमेज हो गया। शिप पर जिस वक्त हमला हुआ उस समय उस पर 23 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें ओमान की नौसेना ने अभियान चलाकर रेस्क्यू किया। जानकारी है कि ये जहाज भारत के गुजरात आ रहा था।
यूएई से गुजरात जा रहा था ‘मायुरी नरी’
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बुधवार को एक थाई झंडे वाला मालवाहक जहाज मिसाइल हमले का शिकार हो गया। इस हमले में जहाज पर सवार तीन चालक दल के सदस्य लापता हो गए, जबकि 20 अन्य को ओमान की रॉयल नेवी ने सुरक्षित बचा लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ‘मायुरी नरी’(Mayuree Naree) नाम का यह बल्क कैरियर संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा पोर्ट से रवाना होकर भारत के गुजरात स्थित कांडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे जहाज पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक जहाज के पानी की सतह के ऊपर दो प्रोजेक्टाइल आकर टकराए,जिससे जहाज के पिछले हिस्से और इंजन रूम के पास विस्फोट हुआ। इस धमाके के बाद जहाज में आग लग गई। जहाज पर कुल 23 चालक दल के सदस्य मौजूद थे और सभी थाई नागरिक थे।
हमले के बाद 20 चालक दल के सदस्य लाइफ राफ्ट की मदद से जहाज से बाहर निकलने में सफल रहे। बाद में ओमान की रॉयल नेवी ने उन्हें बचाकर ओमान के खसाब बंदरगाह पहुंचाया। वहीं जहाज पर मौजूद तीन अन्य क्रू मेंबर अब भी लापता बताए जा रहे हैं और उनके लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों को बनाया गया निशाना
रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया, जिनमें से मायुरी नरी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा। थाई नौसेना ने बताया कि इस घटना को लेकर बहरीन स्थित कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेस मुख्यालय, ब्रिटेन की UK Maritime Trade Operations (UKMTO) और क्षेत्र में मौजूद थाई दूतावासों के साथ मिलकर समन्वय किया जा रहा है।गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हालांकि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही और सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।
